गाजियाबाद। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 13 जोड़े दांपत्य सूत्र में बंधे। पुरोहितों ने मंत्रोच्चार के बीच शादी की सभी रस्में पूरी कराईं। विवाह के बाद कन्याओं को उपहार व आशीर्वाद देकर विदाई दी। बुधवार को कविनगर स्थित चौधरी भवन में गाजियाबाद नगर निगम द्वारा 13 जोड़ो का विवाह सम्पन्न कराकर सर्टिफिकेट दिया गया। 8 गाजियाबद नगर निगम एवं 5 खोडा नगर पालिका के जोड़े उपस्थित रहे। सामूहिक विवाह कार्यक्रम में मेयर आशा शर्मा एवं खोड़ा नगर पालिका अध्यक्ष रीना भाटी, खोड़ा नगर पालिका अधिशासी अधिकारी बिजेन्द्र भड़ाना ने उपस्थिति देकर विवाह सम्पन्न कराया एवं वर वधू को आर्शीवाद दिया। सामूहिक विवाह समारोह में मुख्यमंत्री की योजना के अनुसार ही कार्य किया गया। 51 हजार की धनराशि विवाह के लिए योजना में आती है। 
जिसमें से 35 हजार वधू के खाते में जाते है, 10 हजार वधू के कपड़े, कम्बल, एवं आभूषण के लिए एवं 6 हजार विवाह स्थल पर कार्यक्रम व्यवस्था, भोजन एवं अन्य के लिए होते हैं। मेयर आशा शर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री द्वारा चलाई जा रही योजना का लाभ अधिक से अधिक कन्याओं को मिलना चाहिए और आज जिस प्रकार विवाह कराए जा रहे है। उसी प्रकार गाजियाबाद नगर निगम आगे भी इस योजना को जनता तक ले जाएगा। वर वधू को आशीर्वाद देते हुए बताया की अब आप दोनों पर जिम्मेदारी आ गई है। इस जिम्मेदारी को साथ मिलकर निभाएं और इस योजना की मदद से और लोगो को भी प्रेरित करें। खोडा नगर पालिका अधिशासी अधिकारी बिजेन्द्र भड़ाना ने कहा सामूहिक विवाह योजना प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है, जिसके तहत गरीब बेटियों की शादी के साथ ही अनुदान के रूप में उनके बैंक खाते में आर्थिक मदद दी जा रही है। इस दौरान पार्षद संजय सिंह, पार्षद हिमांशू मित्तल, पार्षद आशुतोष शर्मा, पार्षद पति पवन रेड्डी, अपर नगर आयुक्त प्रमोद कुमार, जोनल प्रभारी हरी किशन गुप्ता, सुनील राय, शिव कुमार गोतम ने संयुक्त रूप से वर-वधु को आर्शीवाद दिया।
















