-कांग्रेस-सपा ने खोला मोर्चा, कार्रवाई की पुरजोर मांग
गाजियाबाद। उखलारसी श्मशान घाट प्रकरण में अब नगर पालिका परिषद मुरादनगर के चेयरमैन विकास तेवतिया के खिलाफ कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग ने जोर पकड़ लिया है। कांग्रेस-सपा और आप ने चेयरमैन के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर गिरफ्तार करने की पुरजोर मांग की है। समाजवादी (सपा) और आम आदमी पार्टी (आप) के कुछ नेताओं ने आज मुरादनगर जाकर मृतक आश्रितों से मुलाकात की थी। इस दौरान पीडि़त परिवारों ने सपा और आप नेताओं से चेयरमैन की कारगुजारी के प्रति नाराजगी जाहिर की। 
चेयरमैन को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की गई। श्मशान घाट प्रकरण को आज 5 दिन गुजर चुके हैं, मगर अब तक चेयरमैन विकास तेवतिया ने मृतक आश्रितों से मुलाकात करने की भी जहमत नहीं उठाई है। ऐसे में चेयरमैन के प्रति नागरिकों का गुस्सा निरंतर बढ़ रहा है। वीरवार को मृतक आश्रितों से मुलाकात करने पहुंचे सपा और आप नेताओं के समक्ष पीडि़त परिवारों ने चेयरमैन विकास तेवतिया को लेकर नाराजगी का इजहार किया। नागरिकों ने आरोप लगाया कि हादसे के लिए चेयरमैन भी बराबर के दोषी हैं। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। इसके बाद सपा-कांग्रेस और आप के नेताओं ने चेयरमैन विकास तेवतिया पर गंभीर आरोप मढ़े। इन दलों ने चेयरमैन को गिरफ्तार करने की मांग की। कांग्रेस नेत्री डॉली शर्मा का भी कहना है कि चेयरमैन को बचाने की कोशिश हो रही है। इस हादसे के लिए चेयरमैन भी कसूरवार हैं। उनके विरूद्ध कानूनी कार्रवाई कर तत्काल गिरफ्तार किया जाना चाहिए। कांग्रेस नेत्री डॉली शर्मा का कहना है कि जब ठेकेदार दोषी, नगर पालिका की ईओ दोषी, जेई और सुपरवाइजर तक दोषी हैं तो फिर चेयरमैन दोषी क्यों नहीं हैं। भाजपा की योगी सरकार दोहरे मापदंड घटना में अपना रही है, जो आम जनता को खुले रूप से दिखाई पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि चेयरमैन को बचाने की बजाए उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। बता दें कि मुरादनगर में पीडि़त परिवारों को बुधवार को आर्थिक सहायता राशि के चैक बांटने गए केंद्रीय मंत्री एवं सांसद वीके सिंह के समक्ष भी चेयरमैन से जुड़े सवाल उठाए गए थे, मगर उन्होंने कोई ठोस जवाब देने की बजाए प्रकरण की जांच और समय का इंतजार करने की बात कहकर चुप्पी साध ली थी। उखलारसी श्मशान घाट में गत 3 जनवरी की सुबह करीब 11 बजे मौत का लैंटर ढहने से 24 निर्दोष नागरिकों की जान चली गई थी। इस ह्दयविदारक हादसे के समय पालिका चेयरमैन विकास तेवतिया शहर से बाहर थे। हादसे की जानकारी मिलने के बाद वह गुजरात से गाजियाबाद लौट आए थे। चेयरमैन ने प्रत्येक पीडि़त परिवार के घर जाकर मुलाकात करने और पालिका परिषद से उन्हें हरसंभव मदद दिलाने का भरोसा दिलाया था, मगर अब तक चेयरमैन सामने नहीं आए हैं।
















