गैंगरेप-हत्या में इनामी क्रूर महंत गिरफ्तार

वारदात के बाद पुलिस को देता रहा चकमा

लखनऊ। बदायूं गैंगरेप एवं हत्याकांड में फरार महंत सत्य नारायण को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस वीभत्स घटना में मुख्य आरोपी सत्य नारायण पर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित है। घटना के बाद से वह गांव में दुबक कर रह रहा था। मुख्य आरोपी की तलाश में पुलिस की 4 टीमें लगाई गई थीं। आरोपी से सघन पूछताछ की जा रही है। बता दें कि जनपद बदायूं के उघैती थाना क्षेत्र में गत 3 जनवरी को अधेड़ महिला के साथ गैंगरेप और हत्या की सनसनीखेज वारदात प्रकाश में आई थी। 50 वर्षीय महिला शाम के समय घर से मंदिर जाने के लिए निकली थी। बाद में देर रात महंत सत्य नारायण के अलावा उसके सहयोगी जसपाल और वेदराम महिला का शव उसके घर के बाहर छोड़कर भाग गए थे। महंत सत्य नारायण ने दावा किया था कि कुएं में गिरने से महिला की मौत हो गई है। घटना के बाद हरकत में आई पुलिस ने महंत सत्य नारायण के सहयोगी जसपाल और वेदराम को गिरफ्तार कर लिया था, मगर मुख्य आरोपी सत्य नारायण फरार हो गया था। पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए 4 टीमें गठित की गईं। पुलिस ने अब मुख्य आरोपी सत्य नारायण को उसी गांव से दबोचा है, जहां उसने घटना को अंजाम दिया था। पुलिस फिलहाल उससे पूछताछ कर रही है। आरोपियों ने पीडि़ता के प्राइवेट पार्ट में रॉड जैसी कोई वस्तु तक डाल दी थी। महिला की पसलियां और पैर भी टूटे पाए गए थे। इस वीभत्स घटना ने दिल्ली के निर्भया कांड की याद को ताजा कर दिया है। उघैती थाना पुलिस ने इस मामले में शुरूआत में काफी लापरवाही बरती थी। आरोप है कि मृतका का शव कई घंटे तक घर के बाहर पड़ा रहा था, मगर पुलिस ने कोई कार्रवाई करने की जहमत नहीं उठाई थी।