खोड़ा में मकान की छत के बाउंड्रीवाल का हिस्सा गिरा, 2 घायल

खोड़ा कॉलोनी में घटना से अफरा-तफरी मची

गाजियाबाद। खोड़ा कॉलोनी में रविवार को एक मकान की छत की चारदीवारी का एक हिस्सा अचानक टूट गया। यह हिस्सा टूटकर समीप के भूखंड में टीन शेड पर जा गिरा। टीन शेड के नीचे कार्यरत 2 कारपेंटर घायल हो गए। ऐसे में शोर-शराबा मचने पर आस-पास के नागरिक वहां आ पहुंचे। दोनों घायलों को तत्काल नजदीक के निजी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को छुट्टी दे दी गई।

इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पुलिस के मुताबिक खोड़ा कॉलोनी के लोकप्रिय विहार में सुजान सिंह का मकान है। मकान की छत पर रविवार को कुछ बच्चे खेल रहे थे। खेल के दौरान बच्चों के धक्के से छत की बाउंड्री का एक हिस्सा एकाएक टूट कर समीप में भूखंड के टीन शेड पर जा गिरा। यह टीन शेड इमरान का है। जहां फर्नीचर का काम होता है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना के समय टीन शेड के नीचे धर्मेेंद्र व वासिफ कार्यरत थे।

दोनों घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए नजदीक के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को डिस्चार्ज कर दिया गया। घटना के बाद पुलिस व नगर पालिका परिषद में हड़कंप मच गया। पुलिस और पालिका परिषद की टीमें आनन-फानन में मौके पर पहुंची। पालिका परिषद खोड़ा-मकनपुर के अधिशासी अधिकारी केके भड़ाना ने बताया कि मकान का निर्माण करीब 10 साल पहले कराया गया था।

उधर, पुलिस का कहना है कि इस घटना के संबंध में कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि मुरादनगर के उखलारसी श्मशान घाट परिसर में पिछले रविवार को नवनिर्मित हॉल की छत भरभरा कर गिरने से 24 नागरिकों की मौत हो गई थी। नगर पालिका द्वारा मकान की छत के ऊपर कि सारी बाउंड्री को हटवा दिया गया है, साथ ही ऊपर की गुमटी को भी सील कर दिया गया है। मकान मालिक को निर्देशित किया गया है कि वह मज़बूती के साथ ही एक सप्ताह के अंदर रेलिंग लगवाना सुनिश्चित करें।