-फर्जी दस्तावेज तैयार कर करते थे ठगी
गाजियाबाद। ऑनलाइन सट्टे का कारोबार एवं षडयंत्र कर फर्जी दस्तावेज तैयार कर ठगी करने वाले गिरोह के दो शातिर ठगों को इंदिरापुरम पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जिनके पास से पुलिस ने 10 मोबाइल,3 लैपटॉप,12 रजिस्टर 16 पैन कार्ड,40 एटीएम कार्ड,14 स्टाम्प,3 वोटर आईडी कार्ड,2 डीएल,4 आधार कार्ड,25 हजार रुपए नगदी बरामद किया। शुक्रवार को इंदिरापुरम थाने में प्रेसवार्ता के दौरान इंदिरापुरम सीओ अंशु जैन ने पिछले काफी समय से ऑनलाइन सट्टे का कारोबार के नाम पर ठगी की शिकायत मिल रही थी। थाना प्रभारी निरीक्षक संजीव शर्मा ने दारोगा मंजू सिंह, दारोगा प्रहलाद सिंह टीम के साथ देर रात विंडसर सोसायटी इंदिरापुरम के फ्लैट से मुखबिर की सूचना पर प्रमोद कुमार पटेल पुत्र नंदलाल पटेल निवासी फ्लैट नंबर-709 विंडसर सोसायटी, प्रवेश विश्नोई पुत्र भूपेंद्र सिंह विश्नोई निवासी-1063 टावर काउंटी नीतिखंड इंदिरापुरम को गिरफ्तार किया गया। वहीं मौके से प्रवेश विश्नोई का भाई अमरीश विश्नोई,भरत बंसल,अंकित गर्ग मौके से फरार हो गए। जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगाई गई हैं। थाना प्रभारी निरीक्षक संजीव शर्मा ने बताया कि ऑपरेशन-420 के तहत गिरफ्तार किए गए शातिर दोनों ठग अपने साथियों के साथ मिलकर ऑनलाइन गेम का आईडी पासवर्ड देकर सट्टे खेलते थे। सट्टे के इस धंधे का पूरा लेखाजोखा लैपटॉप और मोबाइल में रखते थे। लैपटॉप से षडयंत्र कर दस्तावेज तैयार करने के बाद अवैध रूप से पैसा लेते थे। रुपए लेकर लोगों के साथ ठगी कर मोबाइल बंद कर देते थे।















