-700 किलो ग्राम लहन नष्ट और 15 लीटर कच्ची शराब को किया बरामद
गाजियाबाद। जनपद में पंचायत चुनाव नजदीक है। चुनावों के दौरान बड़ी मात्रा में मतदाताओं को शराब बांटी जाती है। यही वजह है कि आबकारी विभाग सीमाओं पर पैनी नजर रख रही है। यूपी की सीमा में दाखिल होने वाले हर वाहन की सघन तलाशी की जा रही है।
बिना चेक किए किसी भी वाहन को प्रवेश नहीं करने दिया जा रहा है। शराब की तस्करी पर लगाम लगाने के लिए आबकारी विभाग पूरे प्रयास कर रही है। आए दिन पड़ोसी राज्य हरियाणा की भारी तादाद में अवैध शराब बरामद हो रही हैं।
आबकारी अधिकारी की माने पंचायत चुनाव में शराब की डिमांड काफी ज्यादा बढ़ जाती है, यही वजह है कि अधिक मुनाफा कमाने के लिए लोग हरियाणा और दिल्ली से शराब की तस्करी करते हैं, या फिर खादर क्षेत्र में कच्ची शराब बनाने का कारोबार करते है।
अवैध शराब कारोबारियों के अड्डों पर छापेमारी की कार्रवाई करते हुए आबकारी विभाग एवं ट्रोनिका सिटी पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की कार्रवाई करते हुए लहन एवं कच्ची शराब बरामद किया गया। जनपद में पंचायत चुनाव के दृष्टिगत अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चल रहा है।
जिला आबकारी अधिकारी राकेश सिंह ने बताया कि पंचायत चुनाव को लेकर जिले में विशेष अभियान चलाया जा रहा है। जिसको लेकर प्रतिदिन क्षेत्र में छापेमारी की कार्रवाई की जा रही है। सोमवार को विशेष प्रवर्तन अभियान के क्रम में आबकारी निरीक्षक सीलम मिश्रा सेक्टर-3, आबकारी निरीक्षक आशीष पांडेय सेक्टर-4 व आबकारी निरीक्षक विवेक दुबे प्रवर्तन मेरठ मय स्टाफ तथा थाना ट्रोनिका सिटी पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से सेक्टर-3 स्थित ग्राम पोचारा व यमुना नदी के किनारे संदिग्ध स्थलों पर छापेमारी व गहन तलाशी की गई। छापेमारी में यमुना नदी के किनारे से लगभग 700 किलो ग्राम लहन तथा 15 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई। बरामद लहन को मौके पर नष्ट किया गया। आबकारी अधिकारी ने बताया अवैध शराब का धंधा रोकने के लिए आबकारी विभाग की टीम को 24 घंटे सक्रिय है। शराब की बंद फैक्ट्रियों, तालाब व इलाकों पर विशेष नजर रखी जा रही है।















