-सुनार समेत तीन लुटेरे गिरफ्तार, लूटपाट की वारदातों में लगा चुके शतक
गाजियाबाद। दिल्ली-एनसीआर में हाईस्पीड बाइक पर सवार होकर राहगीरों से लूटपाट की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह के सुनार समेत तीन लुटेरे को इंदिरापुरम पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गये आरोपित चलती बाइक पर राहगीरों से लूटपाट की वारदात को अंजाम देते थे। वारदात को अंजाम देने के बाद पल भर में गायब हो जाते थे। जब तक पीडि़त को संभलने का मौका मिलता, बदमाश भाग चुके होते थे। पुलिस ने 2 शातिर बदमाशों के अलावा इनके साथी सुनार को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त हाईस्पीड एफजेड बाइक, 6 चेन और नकदी बरामद किया है। लुटेरों के खिलाफ 50 से अधिक मुकदमे दर्ज है। एसपी सिटी द्वितीय ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि थाना प्रभारी मनीष बिष्ट, एसआई यतेन्द्र कुमार एवं रविन्द्र कुमार की टीम ने बुधवार को इंदिरापुरम थानांतर्गत गार्डेनिया चौराहा वसुंधरा से मुखबिर की सूचना के आधार पर संदीप पुत्र सुनील निवासी शरदपुरी दिल्ली, जाकिर पुत्र शमशाद निवासी न्यू सीमापुरी सीएनजी पंप के पास बारातघर दिल्ली और आभूषण विक्रता दिनेश वर्मा पुत्र लायक राम वर्मा निवासी मौहल्ला कोट पूर्वी रहरा रोड हसनपुर जनपद अमरोहा को गिरफ्तार किया है। एसपी सिटी द्वितीय ने बताया कि आरोपित संदीप और जाकिर शातिर लुटेरे है। वह हाईस्पीड बाइक के जरिए लूट एवं चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। वारदात के बाद लुटेरे बाइक भी बदल लेते थे ताकि पुलिस उन्हें पकड़ न सके। हाईस्पीड बाइक पर सवार होकर दोनों बदमाश किसी सुनसान जगह पर जाते थे। वहां राहगीर को देखकर चेन, मोबाइल इत्यादि सामान लूट कर फरार हो जाते थे। वारदात के बाद बदमाश इतनी तेजी से बाइक भगाते थे कि पीडि़त को बाइक का नंबर तक पता लगा पाना मुश्किल होता था। दोनों आरोपी पूर्व में साहिबाबाद, लोनी व दिल्ली से जेल भी जा चुके हैं। जो कि सौ से अधिक वारदातों को अंजाम दे चुके है। वहीं लूट एवं चोरी के सामान को सुनार दिनेश वर्मा खपाने का काम करता था।
















