किशोर को लात-घूसें से चुकानी पड़ी मंदिर में पानी पीने की कीमत

-मंदिर में घुसे किशोर के साथ बेरहमी से मारपीट

-वीडियो वायरल के बाद आरोपी सेवादार गिरफ्तार

गाजियाबाद। आजादी के इतने वर्षो बाद भी देश में छुआछूत कायम है। जिसका उदाहरण मसूरी क्षेत्र में देखने को मिला। मंदिर के अंदर घुसे विशेष समुदाय के किशोर को पानी पीने की कीमत लात-घूसों से चुकानी पड़ी। इस तरह का व्यवहार किसी व्यक्ति की गरिमा और उसके अस्तित्व पर सीधा प्रहार है, जो निंदनीय होने के साथ उसके मौलिक अधिकारों का उल्लंघन है। क्योंकि मंदिर में पूजा और पानी पर सभी समुदाय के लोगों का मौलिक अधिकार है। इस तरह की सोच रखने वाले व्यक्ति समाज के लिए किसी खतरे से कम नही है। मसूरी क्षेत्र के मंदिर में घुसे एक विशेष समुदाय के किशोर के साथ मंदिर के सेवादार द्वारा की गई बेरहमी से मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में सेवादार ने किशोर का हाथ मोड़कर जमीन पर गिराकर लात घूंसे मारे। किशोर का कहना है कि उसकी गलती सिर्फ इतनी थी कि वह मंदिर में पानी पीने के लिए गया था। तभी उसे मंदिर के सेवादार ने देख लिया और रोक कर मारपीट एवं दुव्यवहार किया। उधर मारपीट का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में मामला विशेष संप्रदाय से जुड़ा होने के चलते हड़कंप मच गया। पुलिस ने तत्काल जांच पड़ताल कर मारपीट करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। एसपी ग्रामीण डॉ. ईरज राजा ने बताया कि मंदिर के घटना के मामले में मसूरी थाना प्रभारी शैलेंद्र प्रताप सिंह ने टीम के साथ वीडियो का तत्काल संज्ञान लेते हुए मंदिर में विशेष समुदाय के बच्चे को पीटने वाले आरोपी युवक श्रृंगी नंदन यादव पुत्र अश्वनी कुमार यादव निवासी गोपालपुर थाना संवारा भागलपुर बिहार को गिरफ्तार किया गया। इसके खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेजा गया। दरअसल, डासना के देवी मंदिर से पानी पीने को लेकर एक युवक से मारपीट का वीडियो सामने आया था। मारपीट के आरोपी युवक ने अपने साथियों से खुद इस मारपीट का वीडियो बनवाया और उस वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया था। शुक्रवार देर रात इस वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर पुलिस ने आरोपी श्रृंगी नंदन यादव के खिलाफ मारपीट, वैमनस्यता फैलाने व अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। वह इंजीनियरिंग ग्रेजुएट है। कुछ समय पहले ही उसने नौकरी छोड़ दी थी और अब वह इसी मंदिर में रह रहा था। उसका कहना है कि उसे अपने किए पर कोई पछतावा नहीं है। लड़के की पिटाई करने का वीडियो वायरल होने पर लड़के का कसूर सिर्फ इतना था कि उसने एक विशेष धार्मिक स्थल पर जाकर पानी पीने की गलती की। वीडियो को ट्वीट कर पुलिस को शिकायत की गई, जिसके आधार पर शुक्रवार आधी रात को पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। राज्य सभा सदस्य संजय सिंह से लेकर विदेशी पत्रकारों ने भी वीडियो ट्वीट कर प्रदेश में कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। वीडियो में जिस मंदिर के लिए पूछा जा रहा है, वह प्रसिद्ध डासना देवी मंदिर है। वह धारदार हथियार के साथ गाली-गलौज कर रहा है। शनिवार को भी गिरफ्तार आरोपित श्रंगी नंदन यादव से पूछताछ जारी हैं।