गलत काम करता था टेंट संचालक, गाजियाबाद में लिंग परीक्षण करते धराया

लिंग परीक्षण करते संचालक समेत 3 गिरफ्तार। लिंग परीक्षण कराने वाला टेंट संचालक गिरफ्तार, रूपए के लालच में दो साल से टेंट संचालक कर रहा था लिंग परीक्षण।

गाजियाबाद। नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत जीटी रोड स्थित कमला नगर न्यू पंचवटी कॉलोनी में जय अंबे टेंट हाउस में लिंग परीक्षण करते हुए संचालक एवं दलाल समेत तीन आरोपी को गिरफ्तार किया है। हरियाणा के गुरूग्राम से आई स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गाजियाबाद स्वास्थ्य विभाग को सूचना देेकर मौके पर बुलाकर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान गुरुग्राम से आई टीम के नोडल अधिकारी डॉ. अनिल गुप्ता, लीगल एडवाइजर संजय गुप्ता एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लिंग परीक्षण करते टेंट हाउस संचालक को रंगे हाथ पकड़ा है। मौके पर पहुंचे नगर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार ने टीम के साथ तीनों को गिरफ्तार कर लिया। दलाल और जांच करने वाले टेंट हाउस संचालक के पास से 35 हजार रुपए भी बरामद किए गए। यह कार्रवाई डिकोय की मदद से की गई। टीम ने लिंग परीक्षण कराने वाले दलाल गौतम निवासी भोंडसी गुरूग्राम से 20 हजार रुपए और टेंट हाउस संचालक प्रेम शंकर शर्मा निवासी मोदीनगर से 15 हजार रुपए बरामद किए हैं। इन दोनों के साथ टेंट पर काम करने वाला दौलतपुर निवासी जयपाल सिंह भी गिरफ्तार किया गया। पीसीपीएनडीटी के नोडल प्रभारी डॉ. सुनील त्यागी ने बताया कि आरोपी प्रेम शंकर शर्मा 5 साल पहले शर्मा डायग्नोस्टिक सेंटर दादरी में रेडियोलॉजिस्ट के साथ काम करता था। उनकी दो साल पहले मौत होने के बाद प्रेम शंकर ने डायग्नोस्टिक सेंटर के मालिक से पोर्टेबल जांच मशीन ले ले थी। तभी से ही यह जीटी रोड स्थित कमला नगर न्यू पंचवटी में जय अंबे टेंट हाउस में लिंग परीक्षण का काम करता था। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार करने के बाद जेल भेज दिया।