नेरचौक मेडिकल कॉलेज में भर्ती थे आरएस नेगी
नई दिल्ली। देश में कोविड-19 (कोरोना वायरस) का प्रकोप रूक नहीं पाया है। कोरोना पॉजिटिव होने के बाद पूर्व डीआईजी आर.एस. नेगी की मौत हो गई है। हिमाचल प्रदेश के जनपद कुल्लू के कलैहली निवासी पूर्व डीआईजी आर.एस. नेगी गत 22 दिसंबर को कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे। बाद में उन्हें नेरचौक मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। वहां डॉक्टरों की निगरानी में नेगी का उपचार चल रहा था। मंगलवार की रात नेगी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। देर रात करीब सवा 11 बजे नेगी का कोरोना सैंपल पॉजिटिव पाया गया था। जबकि देर रात 11 बजकर 50 मिनट पर उन्होंने दम तोड़ दिया। कुल्लू के उप-जिलाधिकारी डॉ. अमित गुलेरिया ने इसकी पुष्टि की है। आर.एस. नेगी मंडी जिला में बतौर एसपी के पद पर कार्यरत रह चुके थे। तदुपरांत उन्हें डीआईजी पद पर पदोन्नति मिल गई थी। डीआईजी पद से सेवानिवृत्त होने के बाद वह अपने परिवार के साथ कुल्लू के कलैहली में बनाए घर में रह रहे थे। नेगी की मौत से परिवार गहरे सदमे में है। उधर, हिमाचल प्रदेश में कोरोना वायरस का प्रकोप जारी है। कोरोना से निपटने के लिए सरकार हरसंभव कदम उठा रही है। इसके बावजूद स्थिति में बेहतर सुधार नहीं आ पाया है। बता दें कि भारत में मार्च माह से कोरोना वायरस ने सामान्य जनजीवन को प्रभावित कर रखा है। कोरोना पर काबू पाने के लिए लॉक डाउन तक लगाना पड़ा था। अब अच्छी खबर यह है कि देश में जनवरी से कोरोना का वैक्सीनेशन शुरू होने की उम्मीद है। इसके लिए सरकार अपने स्तर से तैयारियों में जुट गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने हाल ही में जानकारी दी थी कि जनवरी से कभी भी कोरोना टीकाकरण की शुरुआत हो सकती है। पहले चरण में 30 करोड़ नागरिकों को कोरोनी वैक्सीन दी जानी है।
















