प्रतिबंधित प्लास्टिक एवं पॉलीथिन का उपयोग रोकने एवं जागरूकता फैलाने के लिए गाजियाबाद नगर निगम ने शुरू किया ‘सम्मान अभियान’
उदय भूमि ब्यूरो
गाजियाबाद। थैले में सब्जी खरीदते समय आपके सम्मान में लोग ताली बजाने लगे तो चौकियेगा मत। दरअसल गाजियाबाद नगर निगम ने प्रतिबंधित प्लास्टिक एवं पॉलीथिन के खिलाफ जन जागरूकता फैलाने के लिए ‘सम्मान अभियान’ शुरू किया है। अभियान के तहत जो भी व्यक्ति बाजार में कपड़े के थैले का उपयोग करता हुआ मिलेगा उसके प्रति सम्मान प्रकट करते हुए नगर निगम कर्मचारी एवं अधिकारी ताली बजाएंगे। इसके अलावा जो लोग हाथ में पॉलीथिन लेकर चलेंगे उन्हें निगम अधिकारी और कर्मचारी तिरस्कृत भाव से देखेंगे। नगर निगम के इस अभियान का उद्देश्य लोगों में पॉलीथिन का उपयोग बंद करने को लेकर स्वत: जागृति उत्पन्न करना है। हालांकि नगर निगम ने सम्मान के साथ-साथ दंडात्मक कार्रवाई की भी योजना बनाई है। लेकिन फिलहाल अधिक जोर लोगों को सम्मानित करने पर रहेगा। अभियान के पहले सप्ताह जहां लोगों को सम्मानित किया जाएगा वहीं अगले सप्ताह से जुर्माना लगने की कार्रवाई भी तेज कर दी जाएगी।
गाजियाबाद के म्युनिसिपल कमिश्नर डॉ. दिनेश चंद्र सिंह अपनी कार्यशैली की वजह से अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। वह शहरवासियों के बीच काफी लोकप्रिय भी हैं। नित नये अनूठे प्र्रयोग करने वाले यूपी कैडर के आईएएस अधिकारी दिनेश चंद्र का मानना है कि किसी भी अभियान को मंजिल तक पहुंचाने और उसे सफल बनाने के लिए जन भागीदारी जरूरी है। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रतिबंधित प्लास्टिक और पॉलीथिन के खिलाफ मुहिम में अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने पर जोर दिया जा रहा है। म्युनिसिपल कमिश्नर ने कहा कि कोरोना संकटकाल ने हमें बताया कि हमें किस तरह की जीवनशैली अपनानी चाहिये। वर्तमान में ही भविष्य की परेशानियों को लेकर सचेत हो जाना चाहिये। कोरोना की ही तरह प्लास्टिक का बढ़ता उपयोग भी एक गंभीर समस्या है। यदि समय रहते इस पर काबू नहीं पाया गया तो भविष्य में हम संभी को प्लास्टिक के गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। पूर्व में भी नगर निगम द्वारा स्वच्छता जागरूकता को लेकर कई अभियान चलाये गये और उसका असर भी काफी व्यापक रहा। गाजियाबाद नगर निगम द्वारा प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग रोकने को लेकर शुरू किये गये बर्तन बैंक की राष्ट्रीय स्तर पर सराहना हुई और कई शहरों में इसे लागू किया गया। बर्तन बैंक के माध्यम से गाजियाबाद के प्लास्टिक कचरे में भी काफी कमी आई। स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत स्टार सिटी की रैंकिंग जारी करते हुए भारत सरकार के केंद्रीय आवास एवं शहरी विकास मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने प्लास्टिक के खिलाफ जंग में गाजियाबाद नगर निगम के मुहिम की सराहना की थी। नगर निगम द्वारा सेग्रीगेशन एट सोर्स के जरिये प्लास्टिक कचरे को अलग कर लिया जाता है और फिर उस प्लास्टिक से सड़क बनाई जाती है। प्लास्टिक वेस्ट का बेहतर निस्तारण करते हुए गाजियाबाद में आधा दर्जन से अधिक प्लास्टिक की सड़कें बनाई गई है। गाजियाबाद नगर निगम की इस पहल का कई अन्य विभागों ने अनुकरण किया।
अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिया प्रशिक्षण
म्युनिसिपल कमिश्नर डॉ. दिनेश चंद्र ने बृहस्पतिवार को निगम मुख्यालय में नगर निगम अधिकारियों का ‘सम्मान अभियान’ को लेकर प्रशिक्षण दिया। उन्होंने अधिकारियों को बताया कि किस तरह से ‘सम्मान अभियान’ के तहत निगम

अधिकारी और कर्मचारी लोगों को जागरूक करेंगे और अभियान को सफल बनाएंगे। उन्होंने कहा कि यदि कोई कपड़े के थैले में सब्जी एवं फल खरीदते हुए मिले तो उसके सम्मान में ताली बजायें। यदि कोई पॉलीथिन में सब्जी फल खरीदते हुए मिले तो उसे सख्त चेतावनी दें और दुबारा मिले तो उस पर जुर्माना लगाए। नगर निगम के सैनेट्री इंस्पेक्टर कर्मचारियों के माध्यम से अपने क्षेत्र में स्थित सभी बाजारों में निगरानी करेंगे। प्रशिक्षण में अपर नगर आयुक्त आरएन पांडे, प्रमोद कुमार, स्वच्छ भारत अभियान के नोडल ऑफिसर अरूण कुमार मिश्रा, चीफ इंजीनियर मोइनुद्दीन, मुख्य पशु चिकित्सा एवं कल्याण अधिकारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश, एग्जयूकेटिव इंजीनियर देशराज सिंह, जोनल प्रभारी सुनील राय, म्युनिसिपल कमिश्नर के सचिव प्रदीप बाबू आदि मौजूद रहे।

1000 रुपया लगेगा जुर्माना
प्रतिबंधित प्लास्टिक एवं पॉलीथिन के दुष्परिणाम बताते हुए इसका उपयोग बंद करने की लोगों से अपील की जा रही। मेयर आशा शर्मा और म्युनिसिपल कमिश्नर डॉ. दिनेश चंद्र के ऑडियो संदेश के जरिये लोगों से अपील की जा रही है कि वह कोरोना को लेकर बचाव करें साथ ही प्लास्टिक और पॉलीथिन का उपयोग भी बंद करें। सभी जोन में टैंपों से प्रचार किया जा रहा है। कॉलोनियों में बाजारों में टैंपों पर लगे स्पीकर से संदेश प्रचारित किये जा रहे हैं। लोगों को बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश प्लास्टिक और अन्य जीव अनाश्रित कूड़ा कचरा अधिनियम 2018 के अंतर्गत प्रतिबंधित प्लास्टिक एवं पॉलीथिन का उपयोग पूर्ण रूप से प्रतिबंधित है और इसका उपयोग करते हुए पकड़े जोन पर 1000 रुपये का जुर्माना लगेगा।
15 अगस्त तक विशेष अभियान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को के निर्देश पर 11 अगस्त से शुरू हुआ विशेष स्वच्छता अभियान 15 अगस्त तक चलेगा। इस वर्ष स्वच्छता अभियान का थीम है सिंगल यूज पॉलिथीन एवं प्रतिबंधित प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने का संकल्प लेना। अभियान के तहत बस स्टेशन, पर्यटक स्थलों रेलवे स्टेशन, मार्केट के आसपास के क्षेत्रों में विशेष सफाई अभियान चलाकर प्रतिबंधित प्लास्टिक एवं पॉलीथिन का एकत्रीकरण एवं पृथक्कीकरण किया जा रहा है। अभियान के तहत एकत्रित होने वाले प्लास्टिक से सड़क निर्माण कराया जाएगा। साफ-सफाई के साथ-साथ सैनिटाइजेशन पर भी जोर दिया जा रहा है। 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस के दिन मलिन बस्तियों में सफाई अभियान चलाकर श्रमदान किया जाएगा।
















