64वीं उत्तर प्रदेश वरिष्ठ पुरुष बास्केटबॉल चैम्पियनशिप का भव्य आगाज, 44 टीमें मुकाबले में शामिल

-नेहरू वर्ल्ड स्कूल में उद्घाटन समारोह, आगरा और जौनपुर के बीच रोमांचक उद्घाटन मैच
-राज्य के विभिन्न जिलों और विश्वविद्यालयों की टीमें हिस्सा ले रही हैं • कुल 44 टीमें मैदान में दिखाएंगी अपनी खेलकौशल
-पहले दिन के मुकाबलों में आगरा, वाराणसी, कासगंज और गाजियाबाद ने शानदार जीत दर्ज की • दर्शकों में रोमांच का माहौल

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। शास्त्री नगर स्थित नेहरू वर्ल्ड स्कूल में 64वीं उत्तर प्रदेश वरिष्ठ पुरुष बास्केटबॉल चैम्पियनशिप का भव्य आगाज हुआ। इस प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों की कुल 44 टीमें हिस्सा ले रही हैं। उद्घाटन मैच तीन बजे आगरा और जौनपुर के बीच खेला गया, जिसने दर्शकों में उत्साह और उमंग का वातावरण बना दिया। प्रतियोगिता में गोरखपुर, कानपुर, वाराणसी, लखनऊ, आगरा, अलीगढ़, कासगंज, हाथरस, सोनभद्र, बलिया, मेरठ, जौनपुर, पीलीभीत, फर्रुखाबाद, अयोध्या, एटा, मैनपुरी, अमरोहा, बिजनौर, गाजियाबाद, सहारनपुर, मुरादाबाद, उन्नाव, झाँसी, बागपत, बुलंदशहर, सिद्धार्थनगर, सीतापुर, गौतम बुद्ध नगर, बहराइच, मथुरा, आजमगढ़, मिर्जापुर और शाहजहांपुर जिलों की टीमें शामिल हैं। इसके अतिरिक्त उत्तर प्रदेश पुलिस, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय, लखनऊ विश्वविद्यालय, बनारस लोकोमोटिव वर्क्स, पूर्वी उत्तर रेलवे, सशक्त सीमा बल, आर.डी.एस.ओ. और ट्रिपल टैंक अकादमी गाजि़याबाद की टीमें भी प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी।

पहले दिन के मुकाबलों में आगरा ने जौनपुर को 46-27 से हराया, वाराणसी ने झाँसी को 48-21 से पराजित किया, कासगंज ने उन्नाव को 43-41 से मात दी और गाजियाबाद ने अमरोहा को 53-19 से हराया। इसके अलावा गौतम बुद्ध नगर ने अयोध्या को 65-35 से पराजित किया, मैनपुरी ने लखनऊ विश्वविद्यालय को 51-19 से मात दी, इलाहाबाद विश्वविद्यालय ने मिर्जापुर को 42-29 से हराया और फर्रुखाबाद ने आजमगढ़ को 54-31 से पराजित किया। पहले दिन के मुकाबलों ने दर्शकों को रोमांचक खेल का अनुभव दिया और अगले दौर के लिए उत्सुकता और उम्मीदें बढ़ा दी। दूसरे दिन शनिवार को खेले जाने वाले मुकाबलों की रूपरेखा इस प्रकार निर्धारित की गई है। मुरादाबाद बनाम ट्रिपल टैंक अकादमी, बहराइच बनाम एटा, बागपत बनाम बुलंदशहर, शाहजहांपुर बनाम सीतापुर, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय बनाम बिजनौर, सहारनपुर बनाम सिद्धार्थनगर, आगरा बनाम झाँसी, जौनपुर बनाम वाराणसी, हाथरस बनाम उन्नाव, अमरोहा बनाम मैनपुरी, अयोध्या बनाम मिर्जापुर, गौतम बुद्ध नगर बनाम इलाहाबाद विश्वविद्यालय, आजमगढ़ बनाम मुरादाबाद और ट्रिपल टैंक अकादमी बनाम फर्रुखाबाद, बागपत बनाम शाहजहांपुर, गाजियाबाद बनाम लखनऊ विश्वविद्यालय मुकाबले होंगे।

यह चैम्पियनशिप राज्य के वरिष्ठ बास्केटबॉल खिलाडिय़ों को अपना कौशल दिखाने का अवसर प्रदान करती है। प्रतियोगिता न केवल खेल प्रतिभा को निखारती है बल्कि टीम भावना, अनुशासन और रणनीतिक कौशल में भी सुधार लाती है। नेहरू वर्ल्ड स्कूल गाजि़याबाद की ओर से कहा गया कि सभी मैचों का संचालन निष्पक्ष और अनुशासित वातावरण में किया जाएगा। स्कूल प्रशासन ने खिलाडिय़ों, कोचों और दर्शकों के लिए सुरक्षित और प्रेरक वातावरण प्रदान करने की प्रतिबद्धता जताई। प्रतियोगिता का समापन विजेता टीमों के लिए सम्मान समारोह के साथ होगा, जिसमें ट्रॉफी और पदक प्रदान किए जाएंगे। पूरे उत्तर प्रदेश के बास्केटबॉल प्रेमियों की निगाहें इस प्रतियोगिता पर टिकी हुई हैं। यह साबित करता है कि राज्य में खेलों का स्तर लगातार उन्नति की ओर बढ़ रहा है और युवा खिलाडिय़ों के लिए यह एक प्रेरणादायक मंच बन चुका है।