बर्फीली हवाओं से सर्दी का सितम, निकला दम

कोहरे और शीत लहर ने भी बढ़ाई मुश्किलें

नई दिल्ली। हाड़ कंपाती ठंड का प्रकोप एकाएक बढ़ गया है। सर्दी और शीतलहर का प्रकोप होने के कारण सामान्य जनजीवन पर प्रतिकूल असर पड़ा है। बुधवार की सुबह घना कोहरा छाया रहा। ऐसे में न्यूनतम तापमान 5.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कोहरे की वजह से सड़कों पर यातायात प्रभावित रहा। मौसम विभाग (आईएमडी) ने अगले 2 दिन देश की राजधानी में दिन में ठंड रहने और शीत लहर चलने का पूर्वानुमान लगाया है। दिल्ली के पालम में विजिबिलिटी गिरकर 100 मीटर हो गई थी। मौसम विभाग के मुताबिक शून्य से 50 मीटर के मध्य विजिबिलिटी होने पर कोहरा बेहद घना, 50 से 200 मीटर के बीच घना, 201 से 500 मीटर के बीच मध्यम और 501 से 1000 के बीच विजिबिलिटी होने पर कोहरे को हल्का माना जाता है। न्यूनतम तापमान सामान्य से 3 डिग्री कम दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस की संभावना है। मौसम विभाग ने पश्चिमी हिमालय से बर्फीली हवाएं आने के कारण मंगलवार को शीत लहर की घोषणा कर दी थी। दिल्ली में मंगलवार को तापमान 4.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो इस मौसम में अब तक का शहर का न्यूनतम तापमान था। अधिकतम तापमान भी सामान्य से 4 डिग्री कम 18.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। शुक्रवार तक न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग के क्षेत्रीय पूर्वानुमान केंद्र के प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के कारण पश्चिमी हिमालय में भारी बर्फबारी हुई है। अब शीत लहर के मैदानी क्षेत्रों की तरफ बढऩे से तापमान में कमी आ रही है। वीरवार और शुक्रवार को भी शीत लहर चलने का पूर्वानुमान है। समूचे दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को ठंड के चलते सामान्य जनजीवन ठिठुरता दिखाई दिया। सर्दी से बचने को नागरिकों ने अलाव का सहारा लिया है। घरों और दुकानों में अलाव की व्यवस्था की गई है।