– गंगोत्री टावर के फ्लैट का अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह ने किया निरीक्षण
गाजियाबाद। जीडीए के कौशांबी स्थित गंगोत्री टॉवर में कुल 440 फ्लैट में 78 फ्लैट अनावंटित पाए गए है। इन फ्लैट में अवैध रूप से रह रहे लोगों को अब 15 दिन के अंदर स्वयं खाली करना होगा। अन्यथा जीडीए कार्रवाई करते हुए फ्लैट खाली कराएगा। शुक्रवार को जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के निर्देश पर गंगोत्री टावर के फ्लैट का अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह निरीक्षण करने के लिए पहुंचे। जीडीए उपाध्यक्ष को गंगोत्री टावर वेलफेयर एसोसिएशन ने शिकायती पत्र दिया था। शुक्रवार को जीडीए के अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह ने अभियंत्रण व विद्युत जोन-6 के सहायक अभियंता रूद्रेश शुक्ला,अवर अभियंता वीके पांडेय आदि टीम के साथ मौके पर जाकर निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान वहां रहने वाले लोगों से वार्ता की गई। जिसमें पाया गया कि गगोत्री टावर में कुल 440 फ्लैट है। इनमें से 78 फ्लैट आवंटित नहीं किए गए हैं। इन फ्लैट में कथित तौर पर अनाधिकृत रूप से लोग रह रहे है। जीडीए के अपर सचिव ने बताया कि टावर में सीवर लाइन,लिफ्ट एवं सॉलिड वेस्ट की समस्या प्रमुखत: पाई गई। इसके लिए संबंधित अभियंत्रण विभाग की टीम को निर्देशित किया गया कि उक्त कार्य पर प्राथमिकता से ध्यान करते हुए इसका आंकलन तैयार कर प्रस्तुत किया जाए।
ताकि टावर की समस्याओं से आवंटियों को निजात मिल सके। इसके साथ ही जीडीए से अनावंटित फ्लैट्स को नीलामी में रखकर बेचकर समस्त अनुरक्षण की सुविधाओं को सुचारू रूप से चलाने के लिए गंगोत्री वेलफेयर एसोसिएशन को हैंडओवर किया जा सकें। जीडीए अपर सचिव ने निर्देश दिए कि इन फ्लैट में अवैध रूप से निवास कर रहे लोगों से अपील की जाती है कि वह स्वयं ही 15 दिन के अंदर फ्लैट खाली कर दें,अन्यथा उनके विरूद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई जीडीए द्वारा अमल में लाई जाएगी।
















