ज्ञान, संस्कार और संस्कृति का संगम: गौतम पब्लिक स्कूल में भव्य प्रदर्शनी व आशीर्वाद समारोह

-बोर्ड परीक्षार्थियों के लिए आशीर्वाद समारोह, हवन के साथ सफलता की कामना
-शैक्षिक प्रदर्शनी में विद्यार्थियों की रचनात्मकता और प्रतिभा का प्रदर्शन
-सांस्कृतिक कार्यक्रमों व सम्मान समारोह ने बांधा समां

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। प्रताप विहार स्थित गौतम पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शनिवार को शैक्षिक प्रदर्शनी तथा कक्षा बारहवीं के विद्यार्थियों के लिए आशीर्वाद समारोह का भव्य आयोजन किया गया। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी विद्यालय परिसर में ज्ञान, प्रतिभा और संस्कारों का अनुपम संगम देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के निदेशक आशीष गौतम, प्रधानाचार्या पूनम गौतम, उपप्रधानाचार्या तनूजा एवं शैक्षणिक प्रमुख चेतन शर्मा द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इसके उपरांत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन कर विद्यार्थियों की बोर्ड परीक्षा में सफलता एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। समारोह के दौरान शैक्षणिक सत्र 2025-26 के अंतर्गत कक्षा दसवीं एवं बारहवीं के बोर्ड परीक्षार्थियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों तथा विद्यालय के शीर्ष स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सभी मेधावी विद्यार्थियों के अभिभावकों को भी आमंत्रित किया गया, जिससे उनका उत्साह और आत्मविश्वास और अधिक बढ़ा।

प्रधानाचार्या पूनम गौतम ने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए शिक्षकों के समर्पण और अथक परिश्रम की सराहना की। विद्यालय में आयोजित शैक्षिक प्रदर्शनी में नर्सरी से लेकर कक्षा बारहवीं तक के विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए शिक्षण-अधिगम से जुड़े विविध मॉडल, चार्ट और प्रोजेक्ट प्रदर्शित किए गए। साथ ही सर्वाधिक उपस्थिति दर्ज कराने वाले छात्र-छात्राओं को भी पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। वर्तमान विद्यार्थियों द्वारा अपने वरिष्ठ साथियों के लिए भावनात्मक और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नाट्य मंचन को दर्शकों ने खूब सराहा। कक्षा ग्यारहवीं के छात्रों ने हास्य-व्यंग्य कविताओं के माध्यम से सभी का भरपूर मनोरंजन किया। समूह नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति ने पूरे सभागार को तालियों से गूंजा दिया।

इसके अतिरिक्त नर्सरी से लेकर उच्च कक्षाओं तक के लगभग दो सौ विद्यार्थियों ने नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। कक्षा ग्यारहवीं के विद्यार्थियों द्वारा अपने वरिष्ठों को समर्पित विदाई गीत ने समारोह को भावनात्मक ऊंचाई प्रदान की। इस अवसर पर सीनियर विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रकार के खेल और गतिविधियाँ भी आयोजित की गईं, जिससे वातावरण में उल्लास और अपनत्व का भाव बना रहा। उपप्रधानाचार्या तनूजा ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विदाई के क्षण किसी भी शैक्षणिक संस्थान में अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। ये पल भावुक करते हैं, परंतु साथ ही जीवन के एक नए अध्याय की शुरुआत का संकेत भी देते हैं। उन्होंने कहा कि यह वह समय है जब विद्यार्थी अपने सपनों को साकार करने के लिए उड़ान भरने को तैयार होते हैं।

विद्यालय में बिताए गए अनुभव जीवनभर उनके मार्गदर्शक बनेंगे। शैक्षणिक प्रमुख चेतन शर्मा ने विद्यार्थियों को अच्छे अंक लाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि कक्षा बारहवीं तक का यह सफर केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं रहा, बल्कि विद्यार्थियों ने जीवन की अनमोल सीखें भी अर्जित की हैं। उन्होंने शिक्षकों की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय के शिक्षकगणों ने विद्यार्थियों को चुनौतियों का सामना करना और सही निर्णय लेना सिखाया है। समारोह के अंत में कक्षा बारहवीं के विद्यार्थियों को विभिन्न विशेष उपाधियों से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मिस्टर फेयरवेल, मिस फेयरवेल, मिस्टर जीपीएस हिमांशु, मिस जीपीएस प्रियांशी, मिस डिसिप्लिन सुहानी तथा शत-प्रतिशत उपस्थिति के लिए पायल को विशेष सम्मान प्रदान किया गया। समारोह का समापन सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया।