एसीपी प्रियाश्री पाल का सख्त और संवेदनशील अंदाज, हर पीडि़त को समय पर मिले न्याय

-थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक में लंबित विवेचनाओं की समीक्षा, जांच में पारदर्शिता और तेजी को बनाया प्राथमिकता

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। वेवसिटी की सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) प्रियाश्री पाल ने बुधवार को अपने कार्यालय में थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक के सभी विवेचकों के साथ एक अहम समीक्षा बैठक की। बैठक का उद्देश्य लंबित विवेचनाओं की गति तेज करना, जांच की गुणवत्ता सुनिश्चित करना और पुलिस-जनता के बीच विश्वास की नींव को और मजबूत बनाना था। बैठक के दौरान एसीपी प्रियाश्री पाल ने एक-एक केस की स्थिति की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने विवेचकों को निर्देश देते हुए कहा कि हर अभियोग का निस्तारण न केवल समयबद्ध होना चाहिए, बल्कि उसमें तथ्यों की गहनता और साक्ष्यों की मजबूती साफ झलकनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि विवेचना में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हर केस, पुलिस की छवि और जनता के भरोसे से जुड़ा होता है, इसलिए इसमें देरी या पक्षपात की कोई गुंजाइश नहीं है।

प्रियाश्री पाल अपनी तेजतर्रार कार्यशैली, सख्त अनुशासन और संवेदनशील दृष्टिकोण के लिए जानी जाती हैं। अपराध और न्याय प्रक्रिया से जुड़े मामलों में उनका मानना है कि पुलिस केवल कानून लागू करने वाली संस्था नहीं, बल्कि जनता की सुरक्षा और अधिकारों की संरक्षक है। यही कारण है कि वे प्रत्येक शिकायत पर व्यक्तिगत नजर रखती हैं और पीडि़त को यह एहसास दिलाती हैं कि पुलिस उनके साथ खड़ी है। उन्होंने बैठक में यह भी स्पष्ट किया कि जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता लाना और पीडि़त को समय-समय पर प्रगति से अवगत कराना अनिवार्य है।

जनता को यह भरोसा होना चाहिए कि उनके मामलों को गंभीरता से लिया जा रहा है। यही पुलिस की असली जीत है। बैठक के दौरान एसीपी ने विवेचकों को प्रेरित करते हुए कहा कि हर केस को इस तरह से निपटाया जाए, मानो वह आपके अपने परिवार का मामला हो। उनकी यह सोच न केवल विवेचकों में जिम्मेदारी का भाव जगाती है, बल्कि जनता के दिल में पुलिस के प्रति सम्मान भी बढ़ाती है। गोष्ठी के अंत में सभी विवेचकों ने एसीपी के निर्देशों का पालन करने और लंबित विवेचनाओं को शीघ्र एवं निष्पक्ष रूप से निस्तारित करने का संकल्प लिया।