एसीपी उपासना पांडेय की महिला पुलिस टीम ने दिखाई सख्ती, 4 ई-रिक्शा चोरों को धर दबोचा, 7 चोरी के ई-रिक्शा बरामद

-नंदग्राम पिंक बूथ प्रभारी अंशू रानी की कुशल नेतृत्व क्षमता से अपराधियों पर लगाई गई रोक, मिशन शक्ति-5.0 में अपराधियों के लिए कड़ी चेतावनी

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। मिशन शक्ति-5.0 अभियान के तहत महिलाओं के खिलाफ होने वाले अपराधों और शहरी चोरी जैसे मामलों पर महिला पुलिस पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई कर रही हैं। शुक्रवार को नंदग्राम एसीपी उपासना पांडेय के नेतृत्व में नंदग्राम पिंक बूथ प्रभारी महिला दारोगा अंशू रानी और उनकी टीम ने चार शातिर ई-रिक्शा चोरों को गिरफ्तार कर एक बड़ी सफलता हासिल की। पुलिस ने इन अपराधियों के कब्जे से चोरी के सात ई-रिक्शा बरामद किए। एसीपी उपासना पांडेय ने बताया कि गुरुवार को बिट्टू पुत्र हरि सिंह, निवासी आंबेडकर नगर ने थाना नंदग्राम पर सूचना दी कि अज्ञात चोर ने उसका ई-रिक्शा चोरी कर लिया है। इस मामले में थाना नंदग्राम में केस दर्ज किया गया और चोरी का खुलासा करने के लिए महिला पुलिस टीमों का गठन किया गया।

शुक्रवार को पिंक बूथ प्रभारी अंशू रानी राजनगर एक्सटेंशन से रोटरी गोल चक्कर होते हुए हिंडन रिवर मेट्रो स्टेशन की ओर जा रही थीं। उन्होंने बेटी बचाओ कट के पास चार व्यक्तियों को दो ई-रिक्शा को धक्का लगाते हुए चलते देखा। जब पूछताछ की गई तो अपराधी हड़बड़ाहट में कोई जवाब नहीं दे पाए। तुरंत पिंकू बूथ प्रभारी अंशू ने थाना नंदग्राम से अन्य महिला पुलिसकर्मियों को बुलाया और सिपाही बबली, कविता, हेमलता और बबली रानी की मदद से प्याऊ के पास से चारों अपराधियों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार किए गए चारों शातिर ई-रिक्शा चोर रोहित कुमार, मिथुन कुमार, विमल कुमार और वीशु शर्मा थे। इनके खिलाफ कई मामलों में पहले से मुकदमे दर्ज हैं। पूछताछ में अपराधियों ने बताया कि वे चोरी किए गए ई-रिक्शा को बेचने के लिए ले जा रहे थे। इनमें से कुछ ई-रिक्शा सिहानी चुंगी से चोरी किए गए थे और पांच अन्य ई-रिक्शा नंदी पार्क गौशाला के पीछे झाड़ियों में छुपाए गए थे। उनका मकसद चोरी की ई-रिक्शाओं की बैटरी और पहियों को बेचकर अपने शौक और खर्च पूरे करना था।

पुलिस ने चारों अपराधियों से चोरी किए गए सात ई-रिक्शा बरामद कर जेल भेज दिए। इस कार्यवाही के दौरान एसीपी नंदग्राम उपासना पांडेय का नेतृत्व और महिला पुलिसकर्मियों की तत्परता ने अपराधियों को कानून की सख्ती का अहसास कराया। एसीपी उपासना पांडेय ने कहा कि मिशन शक्ति केंद्र और महिला पुलिस की सक्रियता से अपराधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। इस प्रकार की कार्रवाई से महिलाओं और आम जनता में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि किसी भी अपराध की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस स्टेशन या मिशन शक्ति केंद्र पर दें, ताकि अपराधियों पर समय रहते कार्रवाई की जा सके।

नंदग्राम पिंक बूथ प्रभारी अंशू रानी और उनकी टीम की इस सफलता को स्थानीय नागरिकों ने सराहा और इसे मिशन शक्ति-5.0 के तहत महिला पुलिस की सशक्त भूमिका का उदाहरण बताया। पुलिस प्रशासन की इस मुहिम ने यह संदेश दिया कि अपराधियों के लिए अब किसी भी प्रकार की चोरी या महिलाओं के खिलाफ अपराध करना आसान नहीं रहेगा।