पीसीएस प्रीलिम्स एग्जाम की तैयारी को लेकर प्रशासन अलर्ट

-22 को 31 केंद्रों पर कैमरों की नजर में होगी पीसीएस प्रीलिम्स परीक्षा
-दिए गए समय पर पहुंचना अनिवार्य, हर कार्य को समयानुसार ही पूर्ण करें: डीएम

गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) द्वारा आगामी 22 दिसंबर रविवार को आयोजित कराई जा रही पीसीएस प्रीलिम्स परीक्षा को लेकर जिला प्रशासन-पुलिस ने कमर कसना शुरू कर दिया है। सोमवार को विजयनगर स्थित राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के सभागार में पीसीएस प्रीलिम्स परीक्षा की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने ब्रीफिंग की। उन्होंने कहा कि पीसीएस परीक्षा के लिए जनपद में 31 केंद्र बनाए गए हैं। दो पाली में होने वाली परीक्षा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होगी। जिलाधिकारी ने डीसीपी सिटी राजेश कुमार, एडीएम प्रशासन रणविजय सिंह एवं अन्य अधिकारियों और स्टेटिक मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक,सेक्टर मजिस्ट्रेट आदि संबंधित के साथ ब्रीफिंग की। उन्होंने बताया कि प्रांतीय सिविल सेवा (पीसीएस) प्रीलिम्स परीक्षा आगामी 22 दिसंबर रविवार को दो पाली में सुबह 9:30 बजे व दोपहर 2:30 से दो-दो घंटे की समय सीमा में संपन्न कराई जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि परीक्षा से पूर्व 19 दिसंबर को पुनः:एक बार स्टेटिक मजिस्ट्रेट, जोनल मजिस्ट्रेट,केंद्र व्यवस्थापक,सेक्टर मजिस्ट्रेट सहित अन्य संबंधित अधिकारियों की ब्रीफिंग कराई जाएगी।

ब्रीफिंग के दौरान संबंधित अधिकारी को उपस्थित रहना अनिवार्य है। इसके साथ ही सभी परीक्षार्थी भी वह किसी भी प्रकार का इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ना लेकर आएं। वह अपने वाहन या कोई उपकरण लेकर आते हैं,तो वाहन को पार्किंग व उपकरण को क्लॉक रूम में अनिवार्य रूप से जमा करा दें। किसी भी परीक्षार्थी से किसी भी प्रकार का पार्किंग शुल्क या सामान रखने का शुल्क नहीं लिया जाएगा। स्टेटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट व केंद्र व्यवस्थापक के अलावा किसी के पास मोबाइल फोन नहीं होना चाहिए। जिलाधिकारी ने संबोधित करते हुए कहा कि जनपद में पीसीएस प्रीलिम्स परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए 31 केंद्र बनाए गए हैं। इन सभी केंद्र पर एक-एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट,केंद्र व्यवस्थापक, सेक्टर मजिस्ट्रेट सहित व्यवस्था को सुदृढ़, सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाए जाने के लिए अन्य की तैनाती की गई हैं। परीक्षा केंद्र पर जिन लोगों की ड्यूटी लगी हो,उनके पास उनकी आईडी होनी अनिवार्य है, उनके अलावा कोई भी अन्य व्यक्ति परीक्षा केंद्र में नहीं होना चाहिए।

नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराने और पारदर्शिता के लिए केंद्रों पर आवश्यक जगहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए हैं। सभी लोग इस बात पर ध्यान दें कि केंद्र पर समय पर पहुंचना अनिवार्य है,हर कार्य को उसके समयानुसार ही पूर्ण करना या कराना है। मुख्यमंत्री की मंशा के अनुसार ही नकलविहीन,पारदर्शितापूर्ण परीक्षा संपन्न करानी है। हमें संकल्प लेना है कि हमें दी गई जिम्मेदारी का हम पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी, समयनिष्ठता के साथ पूर्ण करेंगे। सभी परीक्षार्थियों को पेपर प्रारंभ के समय से 45 मिनट पहले तक परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिलेगा। परीक्षा पहली पाली में सुबह 8:45 बजे और दूसरी पाली 1:45 बजे उपस्थित होंगे। परीक्षार्थी परीक्षा समय पर समाप्त होने के उपरांत ही परीक्षा केंद्र से बाहर जा सकता है। यह बहुत ही महत्वपूर्ण परीक्षा हैं। इसलिए सभी सतर्क रहें और सावधान रहें।