-श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा से कोई समझौता नहीं: दीपक मीणा
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। श्रावण मास में करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ी कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस महकमा पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। मंगलवार को जिलाधिकारी दीपक मीणा एवं एडीशनल पुलिस कमिश्नर आलोक प्रियदर्शी ने मुरादनगर स्थित ‘छोटा हरिद्वार’ समेत जनपद के विभिन्न कांवड़ मार्गों का औचक निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने यात्रा मार्गों की साफ-सफाई, पेयजल आपूर्ति, प्राथमिक चिकित्सा और स्वास्थ्य सेवाएं, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा इंतजामों और प्रशासनिक कांवड़ शिविरों की मौजूदा स्थिति को परखा। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश जारी करते हुए हर बिंदु पर मानक के अनुरूप काम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी दीपक मीणा ने कहा कि कांवड़ यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण की जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने विभिन्न कांवड़ शिविरों का भी निरीक्षण किया और साफ-सफाई, बिजली, चिकित्सा एवं शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की। वहीं, एडिशनल सीपी आलोक प्रियदर्शी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थलों पर विशेष सतर्कता बरती जाए।
उन्होंने सुरक्षा बलों को हर स्तर पर सतर्क और सक्रिय रहने की हिदायत दी, ताकि यात्रा शांति और सुव्यवस्था के साथ संपन्न हो सके। निरीक्षण के दौरान एडिशनल डीसीपी ट्रैफिक श्री सचिदानन्द, पुलिस एवं प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी, यात्रा ड्यूटी पर तैनात सेक्टर मजिस्ट्रेट, तथा संबंधित विभागों के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। अधिकारियों की यह संयुक्त मुहिम दर्शाती है कि प्रशासन श्रद्धालुओं की भावनाओं के सम्मान के साथ-साथ सुरक्षा और व्यवस्था के लिए पूरी तरह सतर्क और संकल्पित है।

















