-बेंगलुरु और नवी मुंबई के लिए मिलेगी सीधी कनेक्टिविटी
उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। इंडिगो के बाद अब अकासा एयर ने भी नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अपनी सेवाएं शुरू करने का ऐलान कर दिया है। एयरलाइन 16 जून से बेंगलुरु और नवी मुंबई के लिए रोजाना सीधी उड़ानें संचालित करेगी। कंपनी ने इन फ्लाइट्स की टिकट बुकिंग भी शुरू कर दी है। हालांकि नोएडा एयरपोर्ट से किराया दिल्ली के मुकाबले कुछ अधिक बताया जा रहा है।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का संचालन 15 जून से शुरू होने जा रहा है। शुरुआती चरण में घरेलू उड़ानों और कार्गो सेवाओं की शुरुआत होगी। उद्घाटन दिवस पर इंडिगो की पहली फ्लाइट लखनऊ से नोएडा एयरपोर्ट पहुंचेगी। इसके एक दिन बाद अकासा एयर अपनी सेवाएं शुरू करेगी। अकासा एयर के मुताबिक नई उड़ानों के जरिए नोएडा एयरपोर्ट को देश के दो बड़े आर्थिक और कारोबारी केंद्रों—बेंगलुरु और नवी मुंबई—से जोड़ा जाएगा। इससे एनसीआर क्षेत्र की हवाई कनेक्टिविटी को बड़ा फायदा मिलने की उम्मीद है। यात्रियों के लिए टिकट बुकिंग एयरलाइन की आधिकारिक वेबसाइट, एंड्रॉयड और आईओएस ऐप के अलावा विभिन्न ऑनलाइन ट्रैवल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध करा दी गई है। फिलहाल अकासा एयर देश के 27 घरेलू और सात अंतरराष्ट्रीय शहरों के लिए सेवाएं संचालित कर रही है। अकासा एयर के सह-संस्थापक और मुख्य वाणिज्यिक अधिकारी आनंद श्रीनिवासन ने कहा कि भारत में तेजी से बढ़ते विमानन बाजार को देखते हुए आधुनिक एयरपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर बेहद जरूरी हो गया है। उनका कहना है कि बेहतर कनेक्टिविटी और दीर्घकालिक क्षमता के कारण नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट एनसीआर की हवाई यात्रा व्यवस्था को नई दिशा देगा।
फ्लाइट शेडयूल
फ्लाइट डिपार्चर अराइवल
बेंगलुरु-नोएडा 16.25 19.15
नोएडा-बेंगलुरु 19.55 23.00
नवी मुंबई-नोएडा 7.25 9.35
नोएडा-नवी मुंबई 9.35 10.15
















