भाजपा के एक और नेता की बेरहमी से हत्या

पश्चिम बंगाल के कूच बिहार जनपद की घटना

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में भाजपा नेताओं की हत्या का सिलसिला रूक नहीं पाया है। अब कूच बिहार जनपद में भाजपा नेता की पीट-पीटकर हत्या कर दिए जाने का मामला प्रकाश में आया है। सूचना पाकर पुलिस ने मौके पर जाकर जांच-पड़ताल की। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पीडि़त पक्ष की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस के मुताबिक बुधवार को 2 सामुदायिक क्लब के सदस्यों में खूनी झड़प हो गई थी। यह घटना तूफान गंज क्षेत्र में मां काली की प्रतिमाओं के विसर्जन के दरम्यान की है। भाजपा ने घटना के पीछे तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) का हाथ होने का आरोप लगाया है। तृणमूल कांग्रेस ने इन आरोपों से मना किया है। पुलिस ने बताया कि भाजपा के बूथ सचिव कलाचंद कर्माकर (55) ने 2 सामुदायिक क्लब के सदस्यों के बीच विवाद को शांत कराने की कोशिश की थी। ऐसे में भीड़ ने कलाचंद के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट में गंभीर रूप से घायल कलाचंद बेहोश होकर गिर पड़े। बाद में उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है। पीडि़त परिवार का आरोप है कि कलाचंद कर्माकर पर डंडे से हमला किया गया था। उधर, भाजपा की जिला इकाई ने तृणमूल कांग्रेस पर आरोप लगाया है। भाजपा नेता सौरभ दास ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस ने कूच बिहार जिले में अपना आधार खो दिया है। अब वह भाजपा कार्यकर्ताओं को निशाना बना रही है। उधर, पुलिस ने वारदात में किसी प्रकार के राजनीतिक दृष्टिकोण से इंकार किया है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी आरोपी सामने आएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि पश्चिम बंगाल में इसके पहले भी भाजपा के कई नेताओं की हत्या हो चुकी है।