भाजपा समर्थकों पर हमला, जमकर हंगामा

पश्चिम बंगाल में टीएमसी कार्यकर्ता बेलगाम

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में सियासी संग्राम निरंतर जारी है। भाजपा और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के बीच आए दिन तलवारें खींच रही हैं। टीएमसी कार्यकर्ताओं ने शनिवार की सुबह भाजपा समर्थकों पर हमला कर दिया। ऐसे में भगदड़ मच गई। बाद में भाजपा समर्थकों ने जमकर हंगामा किया। यह घटना बेलूर थानांतर्गत लिलुआ मतवाला चौरस्ता के नजदीक की है। टीएमसी कार्यकर्ताओं के हमले में भाजपा के 2 कार्यकर्ता घायल हो गए। उन्हें गंभीर चोट आई है। भाजपा का कहना है कि शनिवार की सुबह कुछ कार्यकर्तालिलुआ मतवाला चौरस्ता के रास्ते से गुजर रहे थे। इस दरम्यान तृणमूल युवा कांग्रेस के नेता दल-बल के साथ वहां पहुंचे। आरोप है कि टीएमसी कार्यकर्ताओं ने भाजपा समर्थकों के साथ हाथापाई शुरू कर दी। भाजपा ने इसके पहले भी इस तरह का आरोप लगाया था। लिलुवा पाठक पारा क्षेत्र में भाजपा द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम स्थल पर कार्यकर्ता भाजपा का झंडा लगा रहे थे। इस दौरान तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता वहां पहुंचे और उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से मारपीट शुरू कर दी थी। भाजपा का आरोप है कि टीएमसी नेता कैलाश मिश्रा के नेतृत्व में हमला किया गया। हमले में भाजपा के 2 कार्यकर्ता गंभीर रूप से घायल हो गए। एक कार्यकर्ता के सिर पर गंभीर चोट आई है। उसे श्रमजीवी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। भाजपा हावड़ा जिला सदर सभापति सूरजीत सहा ने आरोप लगाया है कि पुलिस की गाड़ी के सामने भाजपा समर्थकों पर हमला किया गया। पुलिस ने यदि कड़ी कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन किया जाएगा। बता दें कि पश्चिम बंगाल में अगले कुछ माह के भीतर विधान सभा चुनाव होने हैं। विधान सभा चुनाव में सत्ताधारी टीएमसी और भाजपा के बीच मुकाबला होने की संभावना है। चुनाव से पले राज्य में भाजपा और टीएमसी में अक्सर झड़प हो रही है।