-कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई के दौरान डीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश
-सुनवाई सिर्फ औपचारिक न हो, आमजन को मिले गुणवत्तापूर्ण समाधान
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जन समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी दीपक मीणा ने सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित अपने कार्यालय में जनसुनवाई का आयोजन किया। यह जनसुनवाई महज एक प्रक्रिया नहीं, बल्कि प्रशासनिक जवाबदेही और संवेदनशीलता का प्रतीक बनती जा रही है। शिकायतकर्ताओं की बड़ी संख्या के बीच जिलाधिकारी ने व्यक्तिगत रूप से सभी नागरिकों की समस्याएं सुनीं और उनकी गंभीरता को समझते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल निर्देश जारी किए। प्राप्त शिकायतों में जिला प्रशासन, पुलिस, नगर निगम, जीडीए, बिजली-पानी सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक शिकायत का शीघ्र, पारदर्शी और स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि जनसुनवाई केवल औपचारिकता न बनकर रह जाए, बल्कि यह प्रक्रिया आमजन को वास्तविक राहत देने का माध्यम बननी चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से यह भी कहा कि अधिकारियों का व्यवहार शिकायतकर्ताओं के प्रति संवेदनशील और सहयोगात्मक होना चाहिए, जिससे जनता में प्रशासन के प्रति विश्वास और सुदृढ़ हो। समयबद्ध कार्रवाई के साथ फॉलोअप भी जरूरी है, ताकि एक भी समस्या अधूरी न रहे। जनसुनवाई के दौरान एडीएम (एफ/आर) सौरभ भट्ट भी उपस्थित रहे, जिन्होंने जिलाधिकारी के निर्देशों को विभागीय स्तर पर लागू करने का आश्वासन दिया।
















