-कैलाश मानसरोवर भवन व सीईएल साहिबाबाद में व्यवस्थाओं का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आज यानी कि गुरूवार को साहिबाबाद स्थित सेंट्रल इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (सीईएल) कंपनी के स्वर्ण जयंती समारोह के एक वर्ष पूरे होने पर प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का जहां खाका तैयार कर दिया है। वहीं, मुख्यमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर 600 से अधिक पुलिसकर्मियों को सुरक्षा में लगाया गया हैं। चप्पे-चप्पे पर पुलिसबल को तैनात किया जाएगा। पुलिस ने मुख्यमंत्री के आगमन के लिए दो रूट तैयार किए हैं। मुख्यमंत्री हवाई मार्ग से हिंडन एयरपोर्ट टर्मिनल पर उतरेंगे और यहां से सड़क मार्ग से होते हुए फ्लीट के साथ मोहन नगर से वाया लिंक रोड कार्यक्रम स्थल तक पहुंचेंगे। इसी क्रम में जिलाधिकारी दीपक मीणा ने एडिशनल पुलिस कमिश्नर आलोक प्रियदर्शी, एसडीएम सदर अरुण दीक्षित, एडीएम सिटी विकास कश्यप, डीसीपी ट्रैफिक सच्चिदानंद, जिला सूचना अधिकारी योगेन्द्र प्रताप सिंह के साथ बुधवार को कैलाश मानसरोवर भवन और सेंट्रल इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (सीईएल), साहिबाबाद का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का सूक्ष्म मूल्यांकन किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात नियंत्रण, पार्किंग, आमंत्रित अतिथियों की बैठक व्यवस्था, मंच और आवाजाही मार्गों को लेकर संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने यह सुनिश्चित करने को कहा कि हर पहलू समयबद्ध, समन्वित और शत-प्रतिशत कार्यात्मक हो, ताकि मुख्यमंत्री के आगमन के दौरान कोई खामी न रहे। डीएम दीपक मीणा ने यह भी कहा कि यह दौरा केवल प्रशासनिक रूटीन नहीं बल्कि जिले की गरिमा और कार्यक्षमता की सार्वजनिक प्रस्तुति है। इसलिए प्रत्येक विभाग को एकजुट होकर तैयारी करनी होगी। उन्होंने अधीनस्थों से यह अपेक्षा जताई कि स्थलों की हर व्यवस्था का पूर्व परीक्षण (मॉक ड्रिल) अनिवार्य रूप से किया जाए, जिससे संभावित तकनीकी या व्यवस्थागत दिक्कतों को पहले ही दूर किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस, फायर विभाग, नगर यातायात प्रबंधन, विद्युत, पीडब्ल्यूडी और अन्य प्रमुख विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। डीएम ने सभी विभागों के कार्यों की जिम्मेदारी तय की और कहा कि कार्यप्रणाली में ‘कोऑर्डिनेशनÓ और ‘क्लॉकवाइज प्रिसीजनÓ अनिवार्य है। इस मौके पर जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री जी का दौरा प्रदेश के लिए विकास और संवाद का प्रतीक होता है। हमें गाजियाबाद को आदर्श आयोजन स्थल के रूप में प्रस्तुत करना है। सभी व्यवस्थाएं न केवल सुरक्षित और व्यवस्थित हों, बल्कि गरिमापूर्ण और स्वागत योग्य भी होनी चाहिए।
















