लोनी में चला जीडीए का बुलडोजर, 7 अवैध कॉलोनियों की बाउंड्रीवाल जमींदोज

– 50 से 60 भूखंडों की बाउंड्रीवाल ध्वस्त, अवैध दुकानों पर भी गिरी गाज
– जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स के निर्देश पर बड़ी कार्रवाई, विरोध के बावजूद नहीं रुका बुलडोजर
– अनाधिकृत निर्माण करने वालों को सख्त चेतावनी, बिना अनुमति बनेगा तो टूटेगा

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने एक बार फिर अनधिकृत निर्माणकर्ताओं के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए लोनी क्षेत्र में सात अनाधिकृत कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाया। प्रवर्तन जोन-8 की टीम ने बुधवार को एक बड़े अभियान में करीब 50 से 60 भूखंडों की बाउंड्रीवाल को ध्वस्त कर दिया। इस दौरान स्थानीय लोगों और कॉलोनी विकासकर्ताओं ने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन जीडीए पुलिस व लोनी थाना बल की मुस्तैदी ने हालात को नियंत्रण में रखा। उपाध्यक्ष अतुल वत्स द्वारा अनाधिकृत कॉलोनियों और अवैध निर्माणों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। जीडीए प्रवर्तन जोन-8 के प्रभारी अधिशासी अभियंता लवकेश कुमार के नेतृत्व में सहायक अभियंता प्रदीप शर्मा और अवर अभियंता अखिलेश कुमार की टीम ने पुलिस बल के साथ इस कार्रवाई को अंजाम दिया।

कार्रवाई के दौरान ग्राम अगरौला की दो पूर्व निर्मित और एक नवसृजित कॉलोनी, पंचलोक की एक कॉलोनी, तथा गढ़ी कटैया रामेश्वर पार्क क्षेत्र की तीन कॉलोनियों को निशाना बनाया गया। इसके अतिरिक्त, डीएलएफ अंकुर विहार और रेल विहार में चल रहे अवैध दुकानों के शटर और सनशेड भी ध्वस्त कर दिए गए। स्थानीय विकासकर्ताओं ने मौके पर विरोध दर्ज कराने का प्रयास किया लेकिन जीडीए की टीम ने पुलिस बल की सहायता से उन्हें मौके से खदेड़ दिया।

जीडीए ने स्पष्ट किया कि बिना अनुमोदन के कोई भी निर्माण स्वीकार्य नहीं है और ऐसे निर्माणों को तत्काल प्रभाव से ध्वस्त कर दिया जाएगा। जोन-8 के प्रवर्तन प्रभारी ने यह भी स्पष्ट किया कि आगामी महीनों में भी इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने जनता से अपील की कि किसी भी प्रकार की प्लॉटिंग या निर्माण से पहले प्राधिकरण से अनुमति लेना अनिवार्य है, अन्यथा ध्वस्तीकरण के लिए तैयार रहें।