-कम ब्याज दर पर लोन लेने के लिए यमुना प्राधिकरण ने हुडको के साथ एमओयू किया
-प्राधिकरण की योजनाएं और तेजी से पूरी हो सकेंगी, साथ ही हुडको प्राधिकरण को कंसलटेंसी भी देगा
ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ अरुणवीर सिंह की एक पहल ने तमाम बड़ी परियोजनाओं को गति प्रदान कर दी है। यमुना प्राधिकरण ने बुधवार को हुडको के साथ एमओयू किया है। हुडको परियोजनाओं को पूरा करने के लिए सस्ती ब्याज दरों पर फंड मुहैया कराएगा। इससे प्राधिकरण की योजनाएं और तेजी से पूरी हो सकेंगी। साथ ही हुडको प्राधिकरण को कंसलटेंसी भी देगा।
यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ अरुणवीर सिंह प्राधिकरण की बेहतरी के लिए लगातार प्रयास करते रहते हैं। इसी कड़ी में उन्होंने सभी बड़ी परियोजनाओं को पूरा करने और आगामी परियोजनाओं के लिए फंड की कमी को दूर कर दिया है। बुधवार को नई दिल्ली में लोधी रोड की स्थित हुडको के क्षेत्रीय कार्यालय में एमओयू किया गया। प्राधिकरण की ओर से सीईओ डॉ अरुणवीर सिंह और हुडको की ओर से अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक संजय कुलश्रेष्ठ ने दस्तखत किए। इस मौके पर प्राधिकरण की ओर से एसीईओ श्रुति, एसीईओ कपिल सिंह, ओएसडी शैलेंद्र भाटिया, जीएम वित्त विशंभर बाबू, एजीएम वित्त अशोक कुमार सिंह, वरिष्ठ स्टाफ ऑफिसर नंदकिशोर सुंदरियाल आदि मौजूद रहे।
इन परियोजनाओं को लगेंगे पंख
प्राधिकरण के इस समझौते से यमुना प्राधिकरण की बड़ी परियोजनाओं को और गति मिलेगी। प्राधिकरण क्षेत्र में फिल्म सिटी, इलेक्ट्रॉनिक सिटी, मेडिकल डिवाइस पार्क समेत तमाम बड़ी परियोजनाएं चल रही हैं। इसके अलावा औद्योगिक सेक्टर और हाउसिंग प्रोजेक्ट के लिए भूमि भी खरीदी जानी है। इसके लिए अब प्राधिकरण को कम दर पर ब्याज दर पर पैसा मिल सकेगा।
ये काम भी करेगा हुडको
प्राधिकरण को लोन उपलब्ध कराने के साथ ही हुडको यीडा क्षेत्र में इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट, सेक्टर आदि के विकास को लेकर कंसल्टेंट के रूप में भी काम करेगा। प्राधिकरण की महत्वपूर्ण परियोजनाओं के प्रबंधन और नियोजन के लिए परामर्श भी देगा। साथ ही लागत नियंत्रण, गुणवत्ता और समय पर परियोजना को पूर्ण करने में सहायता मिलेगी।
1700 हेक्टेयर जमीन खरीदने की तैयारी
यमुना प्राधिकरण लैंड बैंक तैयार करने के लिए तीन दर्जन से अधिक गांव की लगभग 17000 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण अगले कुछ वर्षों में करेगा। जमीन अधिग्रहण पर करीब 6000 को रुपए खर्च होंगे। राज्य सरकार ने जमीन अधिग्रहण के लिए 3300 करोड रुपए का ऋण ब्याज मुक्त दिया है। शेष 3000 करोड रुपए का लोन न्यूनतम ब्याज दर पर हुडको से लिया जाएगा।

















