योगी के ड्रीम प्रोजेक्ट को पूरा करेंगे बोनी कपूर भूटानी ग्रुप के साथ मिलकर जेवर में करेंगे इटरनेशनल फिल्म सिटी का निर्माण

मंगलवार को यमुना प्राधिकरण कार्यालय में खोली गई फाईनेशनियल बिड बोनी कपूर और भूटानी ग्रुप की कंसोर्टियम कंपनी वेब व्यू को मिला टेंडर अक्षय कुमार की कंपनी रह गई पीछे

विजय मिश्रा 
ग्रेटर नोएडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट कहे जाने वाले इंटरनेशनल फिल्म सिटी प्रोजेक्ट का सपना जल्द पूरा होने वाला है। प्रोजेक्ट को लेकर तैयारियां तेजी से चल रही है। जेवर में बॉलीवुड फिल्म प्रोड्यूसर बोनी कपूर भूटानी ग्रुप के साथ मिलकर फिल्म सिटी बनाएंगे। राजस्व की सबसे अधिक बोली बोनी कपूर ने जीती है। उन्होंने 18 प्रतिशत राजस्व शेयर के साथ बोली लगाई थी।। बोनी कपूर के अलावा अभिनेता अक्षय कुमार भी फिल्म सिटी बनाने की बोली में शामिल हुए थे। पहले फेज में 230 एकड़ में फिल्म सिटी बनने वाली है, जिसको लेकर चार कंपनियों ने आवेदन दिया था। इनमें से एक कंपनी बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार और एक कंपनी फिल्ममेकर बोनी कपूर की भी थी। इस रेस में बोनी कपूर आगे निकल गए हैं और यमुना अथॉरिटी के सेक्टर 21 में बन रहा ये ग्लोबल टेंडर अब उन्हें मिल गया है।

टेंडर खोले जाने से पूर्व यमुना प्राधिकरण कार्यालय में शनिवार को उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास आयुक्त मनोज कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में फिल्म सिटी प्रोजेक्ट के लिए बिड करने वाली चारों कम्पनीज के प्रतिनिधियों द्वारा प्रेजेंटेशन दिया गया था। वहीं, केसी बोकाडिय़ा की कंपनी फिल्म सिटी बनाने की बोली में दूसरे नंबर रही है, जबकि सुपर कैसेट्स ने चौथे स्थान पर रही है। सुपर कैसेट्स ने सबसे कम 5.2 प्रतिशत राजस्व शेयर के साथ बोली लगाई थी। बोनी कपूर की कंसोर्टियम कंपनी को पहले फेज में ग्रेटर नोएडा फिल्म सिटी स्थापित करने का मौका मिला है। इसके लिए चार कंपनियों ने आवेदन किया था। ये फिल्म सिटी यमुना अथॉरिटी के सेक्टर-21 में एक हजार एकड़ में बनने वाली है। पहले फेज में 230 एकड़ जमीन के आवंटन के लिए ग्लोबल टेंडर निकाला गया था। खास बात है कि बोनी कपूर की कंपनी वेब व्यू ने फिल्म सिटी की बिड जीती है। उन्होंने भूटानी ग्रुप के साथ मिलकर फिल्म सिटी बनाने के लिए बोली लगाई थी।

काम में लापरवाही बरतना पड़ेगा महंगा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट को बड़े स्तर पर बनाया जाएगा। यही वजह है कि इसमें जरा सी भी कोताही नहीं बरती जाएगी। इस प्रोजेक्ट से जुड़े अधिकारियों ने साफ कहा है कि अगर काम में देरी हुई तो संबंधित कंपनी पर रोजाना 10 लाख रुपये का जुर्माना लगेगा।

फिल्म सिटी के लिए लाइन में थे यह सुपरस्टार्स
फिल्म सिटी बनाने के लिए मशहूर ऐक्ट्रेस कंगना रानाउत, अक्षय कुमार, बोनी कपूर, गुलपनाग और मशहूर डायरेक्टर केसी बोकाडिया लाइन में लगे थे। बालाजी टेलीफिल्म, सोनी टीवी, तुलिप कंपनी और एक कोरियाई कंपनी फिल्म सिटी में जमीन लेने में रुचि दिखाई थी।

निवेशकों की पहली पसंद बना यमुना सिटी
यमुना सिटी निवेश के मामले में पूरे उत्तर प्रदेश में नंबर वन पर पहुंच गया है। इसी वजह से इसे औद्योगिक नगरी भी कहा जाता है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के अलावा देश की सबसे बड़ी फिल्म सिटी जेवर में बनने जा रही है। इसको लेकर तैयारियां तेजी से चल रही हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फिल्म सिटी परियोजना को अगले 6 महीने में धरातल पर उतारने के निर्देश दिए हैं।

बता दें कि यमुना सिटी के सेक्टर-21 में फिल्म सिटी बनेगी। यह फिल्म सिटी एक हजार एकड़ जमीन पर प्रस्तावित है। पहले चरण 230 एकड़ जमीन पर फिल्म सिटी को विकसित किया जाएगा। यमुना विकास प्राधिकरण के अफसरों ने बताया कि जो कंपनी पहले चरण में फिल्म सिटी बनाएगी। उसकी दूसरे चरण में भी प्राथिमकता दी जाएगी। फिल्म सिटी बनाने वाली कंपनी के लिए एक बात स्पेशल यह होगी कि पूरी जमीन पर बिजली की लाइन, सीवर और अन्य सुविधा उसी को करवानी पड़ेगी। इसके लिए फिल्म सिटी से जुड़ी कंपनियों को ही जिम्मेदारी दी जाएगी।