गाजियाबाद में जमीन खरीदना होगा महंगा, वेव सिटी समेत कई क्षेत्रों में 30-40 % तक बढ़ेंगे डीएम सर्किल रेट

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जनपद में जमीन खरीदना अब और महंगा होने जा रहा है। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने मंगलवार को प्रस्तावित डीएम सर्किल रेट जारी कर दिए हैं। इन नई दरों के लागू होने के बाद वेव सिटी, आदित्य वर्ल्ड सिटी, जयपुरिया, मेरठ रोड स्थित पार्क टाउन और अर्बन होम्स जैसे पॉश इलाकों में जमीन की कीमतें 30 से 40 फीसदी तक बढ़ सकती हैं। यह कदम जिला प्रशासन द्वारा राजस्व में बढ़ोतरी और बाजार भाव के अनुरूप जमीनों की दरों को लाने के लिए उठाया गया है। डीएम द्वारा जारी प्रस्तावित दरों पर आपत्तियां और सुझाव 30 सितंबर तक मांगे गए हैं। कोई भी व्यक्ति, संस्था या संगठन इस अवधि में अपनी आपत्ति दर्ज करा सकता है। इसके बाद प्रशासन आपत्तियों का निस्तारण कर अंतिम सर्किल रेट घोषित करेगा। माना जा रहा है कि नए सर्किल रेट एक अक्टूबर से लागू कर दिए जाएंगे।

प्रस्तावित सर्किल रेट केवल बड़े हाउसिंग प्रोजेक्ट्स तक सीमित नहीं हैं। प्लॉट और वाणिज्यिक भूमि के रेट भी बढ़ाने का प्रस्ताव है। प्लॉट के रेट में 15 से 20 फीसदी तक की बढ़ोतरी का खाका खींचा गया है, वहीं वाणिज्यिक भूमि के रेट 20 फीसदी तक बढ़ाए जाने का प्रस्ताव रखा गया है। इस फैसले से न सिर्फ घर खरीदने वालों की जेब पर असर पड़ेगा बल्कि बिल्डरों और प्रॉपर्टी डीलरों की योजनाओं पर भी सीधा प्रभाव देखने को मिलेगा। सबसे बड़ा असर वेव सिटी जैसे हाई-एंड हाउसिंग प्रोजेक्ट पर पड़ेगा। यहां 35 से 40 फीसदी तक रेट बढ़ाने का प्रस्ताव रखा गया है। गाजियाबाद और एनसीआर में पहले से ही प्रॉपर्टी महंगी हो चुकी है। अब सर्किल रेट बढऩे से इन इलाकों में घर खरीदना और मुश्किल हो जाएगा। प्रशासन का मानना है कि सर्किल रेट बढ़ाने से सरकारी खजाने को फायदा होगा।

अब तक रियल एस्टेट की दरें बाजार भाव से कम दर्ज हो रही थीं। इससे पंजीकरण और स्टाम्प ड्यूटी से होने वाली आय प्रभावित हो रही थी। नए सर्किल रेट लागू होने से बाजार और प्रशासनिक दरों के बीच का अंतर कम होगा। हालांकि, रियल एस्टेट कारोबारियों और खरीदारों में इस फैसले को लेकर चिंता बढ़ गई है। खरीदारों का कहना है कि पहले से महंगे हो चुके मकानों और जमीनों पर अब अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। वहीं बिल्डरों का मानना है कि इससे बिक्री पर असर पड़ सकता है और मध्यम वर्ग का घर खरीदने का सपना और दूर हो जाएगा। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार मांदड़ ने कहा है कि सभी आपत्तियों पर गंभीरता से विचार किया जाएगा और उसके बाद ही अंतिम दरें तय होंगी। लेकिन यह तय माना जा रहा है कि इस बार सर्किल रेट में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होने वाली है।