रोज बेल पब्लिक स्कूल में आज़ादी का जश्न: देशभक्ति के रंगों में रंगा समारोह

उदय भूमि संवाददाता
गाजि़याबाद। विजयनगर स्थित रोज बेल पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को 79वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम और पूरे जोश के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आगाज स्कूल बैंड की शानदार प्रस्तुति से हुआ। इसके बाद ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के दौरान वातावरण में देशभक्ति की लहर दौड़ गई। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा छात्रों का जोशीला प्रदर्शन ऑपरेशन सिंदूर, जिसने उपस्थित दर्शकों के हृदय में देशभक्ति की ज्योति प्रज्वलित कर दी। बच्चों की अद्भुत प्रस्तुति ने स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष को जीवंत कर दिया। एक अन्य खास प्रस्तुति रही भगवान श्रीकृष्ण पर आधारित नाटक। इस नाटक ने एक गहरा संदेश दिया कि मोबाइल फोन का अत्यधिक उपयोग बच्चों के शिक्षा, स्वास्थ्य और व्यक्तित्व पर नकारात्मक असर डालता है।

श्रीकृष्ण के वचनों और श्लोकों के माध्यम से बच्चों को संयम और संतुलन का महत्व सिखाया गया। कक्षा 4 के छात्रों ने स्वतंत्रता सेनानियों के परिधान पहनकर मंच पर रंगारंग प्रस्तुति दी। बच्चों के स्वरूप और उनके संवादों ने वातावरण को और अधिक जोशीला बना दिया। इनके साथ प्रस्तुत किए गए देशभक्ति गीत और नृत्य ने पूरे समारोह को अविस्मरणीय बना दिया। इस अवसर पर विद्यालय की बोर्ड परीक्षा (कक्षा 10वीं एवं 12वीं) के टॉपर छात्रों को शैक्षणिक सम्मान प्रदान किया गया। साथ ही विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेताओं को भी मंच पर पुरस्कृत किया गया। प्रधानाचार्या धरमजीत कौर ने कहा कि हमारे स्वतंत्रता सेनानी शिक्षित थे, इसलिए वे अंग्रेज़ों का मुकाबला कर सके।

यदि हमें विश्व गुरु बनने का सपना पूरा करना है, तो हमें शिक्षा को प्राथमिकता देनी होगी। शिक्षा ही बच्चों को योग्य, जागरूक और देशभक्त नागरिक बनाती है। कार्यक्रम को सफल बनाने में गुरविंदर कौर, अमित गुप्ता, बिंदु राघव, पूजा और मनी शर्मा का विशेष योगदान रहा। पूरे कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अभिभावक, शिक्षक और छात्र देशभक्ति के जोश में डूबे नजर आए। वातावरण गर्व, उत्साह और आनंद से सराबोर रहा, जिसने स्वतंत्रता दिवस का यह समारोह सभी के दिलों में सदा के लिए अंकित कर दिया।