आजादी केवल उत्सव नहीं, कर्तव्यों का पालन है सच्चा अर्थ: अतुल वत्स

-जीडीए मुख्यालय में हर्षोल्लास से मना 79वां स्वतंत्रता दिवस

उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) मुख्यालय में शुक्रवार को 79वां स्वतंत्रता दिवस पूरे हर्षोल्लास और देशभक्ति के रंग में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स द्वारा ध्वजारोहण और राष्ट्रगान के साथ हुई। तिरंगे के फहराते ही प्राधिकरण परिसर गगनभेदी नारों और देशभक्ति की भावना से गूंज उठा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जीडीए भवन को तिरंगी रोशनी और पुष्प सज्जा से सजाया गया, जिसने पूरे वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने इस अवसर पर अपने संबोधन में कहा कि आज़ादी केवल उत्सव का नाम नहीं है, बल्कि इसका असली अर्थ अपने कर्तव्यों का पालन करना है। उन्होंने कहा कि हमें स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद करते हुए उनके दिखाए मार्ग पर चलना होगा। आज़ादी हमें केवल अधिकार नहीं देती, बल्कि राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने की जिम्मेदारी भी सौंपती है। अतुल वत्स ने अपने संबोधन में जीडीए की आर्थिक प्रगति का उल्लेख करते हुए बताया कि जब उन्होंने उपाध्यक्ष का पदभार संभाला था, उस समय प्राधिकरण आर्थिक संकट से गुजर रहा था।

वर्ष 2020-21 में जीडीए की आय 548.67 करोड़ थी, जबकि वर्ष 2021 से 2024 तक औसत आय 820.66 करोड़ रुपए रही। सभी के अथक प्रयासों से वित्तीय वर्ष 2024-25 में यह आय बढ़कर 1653.24 करोड़ रुपए तक पहुँच गई। इतना ही नहीं, प्राधिकरण ने इंडियन बैंक से लिए गए 800 करोड़ रुपए के ऋण और एनसीआर प्लानिंग बोर्ड की 165 करोड़ रुपए की देनदारी से भी मुक्ति पाई। उन्होंने गर्व से कहा कि पिछले चार महीनों के भीतर ही 900 करोड़ रुपए से अधिक का राजस्व अर्जित किया गया है, जो जीडीए के इतिहास में एक नई उपलब्धि है। कार्यक्रम के दौरान उपाध्यक्ष ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले अनुभागों और अधिकारियों को प्रोत्साहित किया और उन्हें बधाई दी। जीडीए सचिव राजेश कुमार सिंह के साथ उन्होंने सभागार में आयोजित समारोह में ग्रीनाथन के विजेताओं को ट्रॉफी और चेक प्रदान कर सम्मानित भी किया। अतुल वत्स ने कहा कि जीडीए केवल विकास कार्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने में भी अग्रणी है।

हाल ही में आयोजित ग्रीनाथन कार्यक्रम इसका उत्कृष्ट उदाहरण है, जिसे समाज के हर वर्ग ने सराहा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में जीडीए का नया कार्यालय भी तैयार हो जाएगा, जो आधुनिक सुविधाओं और बेहतर कार्य वातावरण के साथ शहर को एक नई पहचान देगा। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि हमें हमेशा बड़े लक्ष्य निर्धारित करने चाहिए और उन्हें प्राप्त करने के लिए सामूहिक प्रयास करने चाहिए। यही जीडीए की सफलता का मंत्र है और इसी से गाजियाबाद को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के महापुरुषों को नमन करते हुए सभी कर्मचारियों से देशहित में समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया। इस अवसर पर जीडीए सचिव राजेश कुमार सिंह, वित्त नियंत्रक अशोक कुमार वाजपेयी, अपर सचिव प्रदीप कुमार सिंह, ओएसडी राजीव रतन सिंह, ओएसडी कनिका कौशिक, प्रभारी चीफ इंजीनियर आलोक रंजन समेत बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम में देशभक्ति का उत्साह, उपलब्धियों का गौरव और भविष्य की संभावनाओं का संकल्प साफ झलक रहा था।

विकास के साथ सामाजिक सरोकार भी
अतुल वत्स ने कहा कि जीडीए का मुख्य कार्य विकास है, लेकिन इसके साथ सामाजिक उत्तरदायित्व भी निभाया जा रहा है। हाल ही में आयोजित ग्रीनाथन कार्यक्रम को समाज के हर वर्ग से सराहना मिली। उन्होंने कहा कि जीडीए के नए कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित करने का सपना अब अपने अंतिम चरण में है और शीघ्र ही इसे पूरा किया जाएगा।

स्वतंत्रता दिवस पर संकल्प: बड़े लक्ष्य, बड़ा प्रयास
अंत में उपाध्यक्ष ने कहा कि हमें हमेशा बड़े लक्ष्य तय करने चाहिए और उन्हें पूरा करने के लिए अथक प्रयास करना चाहिए। इसी से जीडीए और गाजियाबाद विकास की नई ऊँचाइयों को छू सकेंगे।