ग्रेनो के 13 सेक्टरों में व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा

-ग्रेनो प्राधिकरण ने 37 भूखंडों की योजना शुरू की,पंजीकरण शुरू
-योजना में 1500 से 23 हजार वर्गमीटर तक के भूखंड हैं

उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने व्यावसायिक भूखंडों की योजना लॉन्च की है। योजना में शामिल 37 भूखंडों के लिए मंगलवार से पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो गई है। शहर के अलग-अलग सेक्टरों में स्थित भूखंडों का आकार 1500 से लेकर 23 हजार वर्गमीटर है। आवंटन ई- नीलामी के माध्यम से किया जाएगा। आवंटन के एक माह के भीतर कब्जा दे दिया जाएगा।
ग्रेनो प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर 28 भूखंडों की योजना लॉन्च की गई है। एसीईओ प्रेरणा सिंह ने बताया कि भूखंडों के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो गई है। शहर के सेक्टर ईटा-1, गामा-2, केपी-5, बीटा-2, सेक्टर-36, 37, जीटा-1, सेक्टर-3, 10, 12, इकोटेक-1 एक्सटेंशन, इकोटेक-12 व डेल्टा-2 में प्लाट निकाले गए हैं। इसमें 1500 से लेकर 23023 वर्ग मीटर के प्लाट हैं। भूखंडों का आवंटन ई-नीलामी के के माध्यम से जाएगा।

प्राधिकरण अधिकारी के मुताबिक आवेदन से लेकर आवंटन तक की सारी प्रक्रिया ऑनलाइन ही पूरी की जाएगी।एसीईओ प्रेरणा सिंह का कहना है कि निवेशकों की मांग और निवासियों की जरूरत को देखते हुए सेक्टरों में व्यावसायिक भूखंडों की योजना को लॉन्च किया गया है। सभी सेक्टरों में व्यावसायिक गतिविधियों के लिए आरक्षित जमीन को योजनाओं में शामिल किया जा रहा है। इन भूखंडों पर व्यावसायिक गतिविधियां शुरू होने से आसपास के निवासियों की रोजमर्रा की जरूरतें भी पूरी हो सकेंगी।