-गाजियाबाद में तेजी से हो रहा बुनियादी ढांचे और नागरिक सुविधाओं का आधुनिकीकरण
-सड़क, जल, ट्रैफिक और धार्मिक स्थलों के विकास से शहर को मिलेगी सुगमता और आधुनिकता
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद में जन सुविधाओं को बेहतर बनाने और बुनियादी ढांचे को आधुनिक बनाने के लिए प्रशासन ने व्यापक स्तर पर विकास कार्यों की तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मॉंदड़ ने सोशल मीडिया के माध्यम से नागरिकों को सूचित किया कि शहर में चहुंमुखी विकास की दिशा में तेजी से कार्य जारी हैं और इन परियोजनाओं का लक्ष्य शहरवासियों को सुरक्षित, सुगम और आधुनिक सुविधाओं से लैस जीवन प्रदान करना है। जिलाधिकारी ने बताया कि भोपुरा से टीला मोड़ तक 3 किलोमीटर लंबी सड़क का सुदृढ़ीकरण पीडब्लूडी द्वारा कराया जा रहा है। वहीं मोहन नगर की सड़क का निर्माण कार्य भी जल्द ही बजट पास होने के बाद शुरू होगा। इसके अतिरिक्त लोनी क्षेत्र में दिल्ली-सहारनपुर रोड के सुधार और निर्माण कार्य के लिए 32 करोड़ रुपए का बजट शासन द्वारा स्वीकृत किया गया है।
हापुड़ चुंगी चौराहे पर लगभग डेढ़ सौ करोड़ रुपए की लागत से 1250 मीटर लंबा फ्लाईओवर बनाया जाएगा, जिससे भारी ट्रैफिक की समस्या को कम करने में मदद मिलेगी। जिलाधिकारी ने खोड़ा क्षेत्र में जल आपूर्ति सुधार के लिए जल निगम द्वारा डीपीआर तैयार किए जाने की जानकारी दी। इसके अलावा सड़क के समीप से गुजरने वाले 10.5 किलोमीटर लंबे नाले के निर्माण का प्रस्ताव कार्यान्वित किया जा रहा है, जो शहर की जल निकासी और बाढ़ नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। श्री दूधेश्वर नाथ मंदिर के कॉरिडोर का निर्माण कार्य भी जल्द शुरू किया जाएगा, जिसकी तैयारियां लगभग पूर्ण हो चुकी हैं। यह परियोजना न केवल श्रद्धालुओं के लिए सुविधाजनक होगी, बल्कि आसपास के क्षेत्र में यातायात और सुरक्षा व्यवस्थाओं को भी बेहतर बनाएगी।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि इन सभी कार्यों का उद्देश्य केवल बुनियादी ढांचे का सुधार नहीं है, बल्कि नागरिकों को जीवन की गुणवत्ता बेहतर करने के लिए आधुनिक, सुरक्षित और सुगम सेवाएं प्रदान करना भी है। इन परियोजनाओं में सड़क, जल आपूर्ति, ट्रैफिक प्रबंधन और धार्मिक-सांस्कृतिक स्थल सभी शामिल हैं, जिससे गाजियाबाद को चहुंमुखी विकास की नई पहचान मिलेगी। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन हर संभव प्रयास करेगा कि इन विकास कार्यों का लाभ हर नागरिक तक समय पर और गुणवत्तापूर्ण रूप से पहुंचे। इस प्रकार गाजियाबाद शहर तेजी से समृद्धि और आधुनिकता की ओर अग्रसर है, जिससे शहरवासियों के जीवन स्तर में सुधार और सुविधा सुनिश्चित होगी।
















