गाजियाबाद। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साहिबाबाद से न्यू अशोकनगर दिल्ली नमो भारत ट्रेन कॉरिडोर के उद्घाटन कार्यक्रम को सफल बनाने एवं व्यवस्थाओं को बनाए रखने में नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक व निगम के अधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। व्यवस्था में सभी अधिकारी और टीम लगी रही। नगर निगम के अधिकारियों ने टीम के साथ मोहन नगर तिराहे से लेकर यूपी गेट तक व्यवस्थाओं को संभाले रखा। इसके साथ ही नियमित होने वाले कार्यों के साथ-साथ अन्य कार्यों को भी आवश्यकता को देखते हुए तत्काल प्रभाव से कराया गया। नगर निगम के चीफ इंजीनियर एनके चौधरी के नेतृत्व में निर्माण विभाग की टीम ने मरम्मत के कार्य, पेंटिंग के कार्य, जलकल विभाग ने नियमित पानी का छिड़काव कराया। प्रकाश विभाग द्वारा मार्ग को सुंदर लाइटों से सजाया गया।
नियमित लाइटों को व्यवस्थित करने के कार्य को रफ्तार दी गई। इसी के साथ उद्यान विभाग द्वारा नियमित रूप से ग्रीन बेल्ट,सेंट्रल वर्ज में साफ-सफाई के साथ ग्रीनरी को बढ़ाया गया। निर्धारित रूट पर रंग-बिरंगे फूलों के गमले रखने व अन्य कार्य कराए गए। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार के नेतृत्व में सफाई निरीक्षकों ने सफाई कर्मियों के जरिए नियमित साफ-सफाई कराने के साथ मार्ग पर सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया। नगर आयुक्त के नेतृत्व में गाजियाबाद नगर निगम के विभिन्न विभागों द्वारा शहर हित में कार्य किए जा रहे है।
वहीं, प्रधानमंत्री व मुख्यमंत्री के कार्यक्रमों के अलावा त्योहारों पर भी नगर निगम के अधिकारी व्यवस्था बनाने में जुटे रहते हैं। प्रधानमंत्री के उद्घाटन कार्यक्रम में भी नगर निगम के सभी विभाग के अधिकारियों ने दिन-रात में व्यवस्था पूरी कराते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई। इसके लिए सभी अधिकारियों को प्रोत्साहित भी किया गया।
















