-पुलिस आयुक्त जे. रविन्दर गौड़ ने किया अत्याधुनिक कार्यालय का उद्घाटन, सुविधाओं से लैस हुआ परिसर
-नागरिक प्रतीक्षालय, स्वच्छ पेयजल, हरित उद्यान और कैफेटेरिया से बढ़ी जनसेवा क्षमता
-स्वाट टीम व लोकल इंटेलिजेंस यूनिट को मिली नई ऊर्जा, तकनीक आधारित पुलिसिंग को मिलेगा बल
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। लोहिया नगर स्थित स्वाट टीम क्राइम ब्रांच कार्यालय अब आधुनिक सुविधाओं से युक्त जन-हितैषी पुलिस केंद्र के रूप में विकसित हो गया है। गुरुवार को पुलिस आयुक्त जे. रविन्दर गौड़ ने नवनिर्मित एवं उन्नत सुविधाओं से सुसज्जित परिसर का विधिवत फीता काटकर उद्घाटन किया। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में परिसर को नई सोच, नई ऊर्जा और आधुनिक पुलिसिंग की अवधारणा के अनुरूप जनता को समर्पित किया गया। उद्घाटन समारोह में एडिशनल पुलिस कमिश्नर मुख्यालय केशव कुमार चौधरी, एडिशनल पुलिस कमिश्नर कानून-व्यवस्था राज करन नैय्यर, डीसीपी सिटी धवल जायसवाल, डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्रनाथ तिवारी, एडीसीपी क्राइम पीयूष सिंह, एडीसीपी मसूरी लिपि नगायच सहित विभिन्न एसीपी एवं पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। पुलिस आयुक्त ने बताया कि वर्ष 1976 में स्थापित यह परिसर लंबे समय से जिले की कानून-व्यवस्था का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। समय की आवश्यकता को देखते हुए इसे आधुनिक पुलिसिंग मॉडल के अनुरूप पुनर्जीवित किया गया है, ताकि पुलिसकर्मियों की कार्यक्षमता बढ़े और आम नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
नवनिर्मित परिसर में पूर्व से स्थापित श्री पंचमुखी हनुमान मंदिर का विधिवत प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम भी संपन्न कराया गया। पुलिस आयुक्त ने इसे पुलिस बल की आस्था, नैतिक शक्ति और जनसेवा के प्रति समर्पण का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि आध्यात्मिक वातावरण पुलिसकर्मियों को सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करता है। परिसर में अपर पुलिस उपायुक्त का आधुनिक कार्यालय स्थापित किया गया है, जो बेहतर समन्वय, त्वरित निर्णय क्षमता और प्रभावी संचालन व्यवस्था को मजबूत करेगा। साथ ही आरओ प्लांट के माध्यम से स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था, नागरिकों के लिए सम्मानजनक प्रतीक्षालय तथा सुंदर हरित उद्यान का निर्माण किया गया है। पार्क के मध्य भगवान शिव की प्रतिमा स्थापित कर परिसर की आध्यात्मिक एवं सौंदर्यात्मक गरिमा को भी बढ़ाया गया है। बच्चों के लिए क्रीड़ा क्षेत्र भी विकसित किया गया है, जिससे यह स्थान जनसुलभ और परिवार अनुकूल बन गया है।
लोकल इंटेलिजेंस यूनिट के अत्याधुनिक कार्यालयों का उद्घाटन भी इसी अवसर पर किया गया। ये कार्यालय सूचना संग्रहण, संभावित खतरों के आकलन और समयबद्ध कानून प्रवर्तन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। आधुनिक संसाधनों से लैस यह इकाई नागरिक सुरक्षा को और मजबूत बनाएगी। इसके अतिरिक्त परिसर के पूर्व उपेक्षित क्षेत्र को विकसित कर आधुनिक कैफेटेरिया बनाया गया है, जहां पुलिसकर्मियों और आगंतुकों को स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन की सुविधा उपलब्ध होगी। अधिकारियों का मानना है कि बेहतर कार्य वातावरण पुलिस बल की कार्यक्षमता और मनोबल दोनों को मजबूत करता है।
पुलिस आयुक्त जे. रविन्दर गौड़ ने कहा कि पुलिस कमिश्नरेट के सभी कार्यालयों को चरणबद्ध तरीके से आधुनिक और सुव्यवस्थित स्वरूप दिया जाएगा। यह पहल पुलिसकर्मियों के समर्पण के प्रति विभाग की कृतज्ञता और जनता को बेहतर सेवा प्रदान करने की प्रतिबद्धता का प्रतीक है। क्राइम ब्रांच परिसर का यह नया स्वरूप गाजियाबाद में तकनीक आधारित, संवेदनशील और जनकेंद्रित पुलिसिंग की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे कानून-व्यवस्था के साथ-साथ नागरिक विश्वास भी और मजबूत होगा।
















