-हेरिटेज सिटी का विकास और जमीन अधिग्रहण तेज होगा
उदय भूमि संवाददाता
ग्रेटर नोएडा। यमुना प्राधिकरण ने अपना क्षेत्रीय कार्यालय मथुरा में शुरू कर दिया। मुख्य कार्यपालक अधिकारी डॉ अरुणवीर सिंह ने कार्यालय की शुरुआत की। इससे मथुरा क्षेत्र में प्रस्तावित हेरिटेज सिटी व शासन से अनुमोदित अर्बन नोड में अन्य विकास कार्यों को गति प्रदान करने व भूमि अधिग्रहण करने में तेजी आएगी।
यीडा का क्षेत्रीय कार्यालय गीता शोध संस्थान वृंदावन में स्थापित किया गया। कार्यालय के शुभारंभ में मथुरा के धर्माचार्यों ने मंत्रोचारण किया। प्राधिकरण कार्यालय परिसर में भगवान श्री बांके बिहारी के चित्र पर माल्यार्पण किया। कार्यालय के सभा कक्ष में हेरिटेज सिटी की विशेषताओं के संबंध में नियोजन विभाग व कंसलटेंट सीबीआरई ने प्रस्तुतिकरण दिया।
कार्यक्रम में गीता शोध संस्थान में नृत्य कला सीख रही बालिकाओं द्वारा श्री कृष्ण की मनमोहक नृत्य नाटिका भी प्रस्तुत की गई। मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने सांस्कृतिक नृत्य कला के संवर्धन के लिए गीता शोध संस्थान को पाँच लाख रुपये की धनराशि देने की घोषणा की गई। इस मौके पर एसीईओ नगेन्द्र प्रताप, एसीईओ कपिल सिंह, ओएसडी शैलेंद्र भाटिया, जीएम परियोजना राजेंद्र भाटी, आनंद मोहन सिंह, स्टाफ ऑफिसर नंद किशोर सुंदरियाल, वीरेंद्र सिंह, राजबीर सिंह, मनोज धारीवाल, सुभाष चंद्र आदि उपस्थित रहे।



















