-हर शिकायत का होगा गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान: डीएम
-कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई में उमड़ा लोगों का विश्वास, डीपीएस बच्चों ने दी स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गुरुवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने नियमित जनसुनवाई में जिले के विभिन्न कोनों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में नगर निगम, पुलिस विभाग, जीडीए, विद्युत विभाग, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग समेत कई विभागों से संबंधित शिकायतें दर्ज कराई गईं। जिलाधिकारी ने सभी फरियादियों को भरोसा दिलाया कि आपकी हर समस्या का पूर्ण, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध समाधान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रतिदिन हो रही जनसुनवाई में फरियादियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। यह न केवल जिलाधिकारी की जनता के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाता है, बल्कि उनकी समस्या-निवारण की तेज़ और प्रभावी कार्यशैली का परिणाम भी है। जनसुनवाई के बीच का नज़ारा उस समय भावुक हो उठा, जब दिल्ली पब्लिक स्कूल (डीपीएस) के नन्हें विद्यार्थियों ने जिलाधिकारी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और अपने हाथों से बनाए रंग-बिरंगे ग्रीटिंग कार्ड भेंट किए।
जिलाधिकारी ने बच्चों और शिक्षकों को स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज के बच्चे कल देश का भविष्य हैं। पढ़-लिखकर देश के विकास में अपनी अहम पहचान बनाएं। शिक्षा के क्षेत्र में बच्चे जितने मजबूत होंगे, देश उतना ही सशक्त बनेगा। जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद सभी लोगों और जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा कि देशहित में सकारात्मक योगदान हर नागरिक का कर्तव्य है। मिलकर हम गाजियाबाद को विकास की नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। जनसुनवाई के दौरान एडीएम एल/ए विवेक मिश्र, सिटी मजिस्ट्रेट डॉ. संतोष कुमार उपाध्याय और एसडीएम लोनी राजेन्द्र कुमार भी मौजूद रहे, जिन्होंने शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
















