-हर व्यवस्था का हो पूर्व परीक्षण, कार्यक्रम में न दिखे कोई कमी: दीपक मीणा
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रस्तावित दौरे को लेकर जनपद प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। इसी क्रम में बुधवार को विकास भवन स्थित दुर्गावती देवी सभागार में जिलाधिकारी दीपक मीणा की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में प्रस्तावित मुख्यमंत्री कार्यक्रम से जुड़ी समस्त तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्थाओं, यातायात प्रबंधन, स्वच्छता, सजावट, जनसुविधाएं और मीडिया कवरेज से लेकर बिजली-पानी की समुचित आपूर्ति तक सभी पहलुओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री के आगमन से पूर्व सभी कार्य पूर्ण गुणवत्ता व समन्वय के साथ पूर्ण कर लिए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को चेताते हुए कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कार्यक्रम की गरिमा एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए, इसलिए सभी विभाग अपने-अपने दायित्व समयबद्ध तरीके से निष्पादित करें। उन्होंने निर्देशित किया कि कार्यक्रम स्थल पर प्रत्येक व्यवस्था का पूर्व परीक्षण किया जाए, ताकि कार्यक्रम के दिन किसी भी प्रकार की तकनीकी या प्रशासनिक समस्या उत्पन्न न हो। यातायात, सुरक्षा, आपात चिकित्सा, वीवीआईपी मूवमेंट, मीडिया व्यवस्था और आम जनता के लिए आवश्यक मार्गदर्शन को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
जिलाधिकारी ने सभी विभागों को उनके दायित्वों की स्पष्ट रूपरेखा सौंपी और नियमित फॉलोअप एवं इंटर-डिपार्टमेंट कोऑर्डिनेशन पर बल दिया। उन्होंने कहा कि हर विभाग के बीच बेहतर संवाद बना रहे और किसी भी कमी को पहले ही दूर कर लिया जाए, ताकि मुख्यमंत्री का दौरा पूरी गरिमा, सुरक्षा और सुव्यवस्था के साथ संपन्न हो सके। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव गोपाल, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सौरभ भट्ट, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रणविजय सिंह, नगर आयुक्त, पुलिस अधिकारियों, लोक निर्माण विभाग, विद्युत, परिवहन, चिकित्सा, सूचना, नगर निगम, जलकल, और अन्य संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
















