यूपी का ड्रीम, बोनी कपूर ने सौंपा फिल्म सिटी का मास्टर प्लान

-फ़िल्म मेकर बोनी कपूर ने यमुना प्राधिकरण के सीईओ डॉ.अरुणवीर सिंह को सौंपा प्लान, बताई खूबी

विजय मिश्रा (उदय भूमि)
ग्रेटर नोएडा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ड्रीम प्रोजेक्ट जेवर फिल्म सिटी को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। फिल्म सिटी के विकास का जिम्मा लेने वाली कंपनी के कर्ताधर्ता फिल्म मेकर बोनी कपूर मंगलवार को यमुना प्राधिकरण पहुंचे। उन्होंने प्राधिकरण के सीईओ डॉ अरुणवीर सिंह को फिल्म सिटी का मास्टर प्लान सौंप दिया। मास्टर प्लान में फिल्म सिटी की खूबियों के बारे में बताया गया है। अब अधिकारी मास्टर प्लान को रखेंगे। इसके बाद आगे की प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी।

जेवर में प्रस्तावित इंटरनेशनल फिल्म सिटी का मास्टर प्लान तैयार कर लिया गया है। मशहूर फिल्म निर्माता बोनी कपूर ने मंगलवार को यमुना प्राधिकरण कार्यालय में मास्टर प्लान सौंप दिया। प्राधिकरण अब इस पर अंतिम निर्णय लेकर परियोजना को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू करेगा।

बोनी कपूर और भूटानी इंफ्रास्ट्रक्चर की कंपनी “बेव्यू प्रोजेक्ट्स” ने यमुना विकास प्राधिकरण के साथ इस परियोजना के विकास के लिए समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। मास्टर प्लान तैयार होने के बाद अब फिल्म सिटी के पहले चरण के निर्माण कार्य को गति दी जाएगी। योजना के तहत यह परियोजना तीन साल में पूरी होगी।

बोनी कपूर ने मास्टर प्लान सौंपने के बाद कहा कि नोएडा फिल्म सिटी को हैदराबाद स्थित “रामोजी फिल्म सिटी” से भी आधुनिक और सुविधाजनक बनाया जाएगा। हम यहां फिल्म स्टार्स के लिए हर तरह की सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे। शूटिंग के दौरान अक्सर कलाकारों को अपने शेफ साथ लाने पड़ते हैं, जो काफी महंगा साबित होता है। यहां ऐसी सुविधाएं विकसित की जाएगी जो इस परेशानी को खत्म करेंगी। फिल्म सिटी में सस्ती और आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी।

पहला चरण तीन साल में होगा पूरा
परियोजना के पहले चरण में 230 एकड़ भूमि पर फिल्म सिटी का निर्माण होगा। इस चरण को तीन साल में पूरा करने का लक्ष्य है। बोनी कपूर ने बताया कि काम जनवरी 2025 से शुरू होगा। हम चाहते हैं कि हमारी अगली फिल्म की शूटिंग यहीं हो। अगले साल मार्च में हमारी छह से सात फिल्मों की शुरुआत होगी, जिनमें से एक की शूटिंग यहीं कराएंगे।

मुख्यमंत्री शिलान्यास समारोह में होंगे शामिल
फिल्म सिटी के शिलान्यास समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शामिल होने की संभावना है। इसके लिए यमुना प्राधिकरण ने प्रस्ताव तैयार कर मुख्यमंत्री कार्यालय को भेज दिया है। शिलान्यास की तिथि इसी सप्ताह तय होने की उम्मीद है। जनवरी 2025 में इस परियोजना का शिलान्यास प्रस्तावित है। जिसके लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं।