-ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और इंडिया एक्सपो मार्ट करेगा आयोजन
-एक्सपो शैक्षिक अवसरों की खोज के लिए मंच के रूप में उभरेगा
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट मिलकर 11 से 13 नवंबर तक भारत शिक्षा एक्सपो 2024 का आयोजन करेंगे। यह एक्सपो अनगिनत शैक्षिक अवसरों की खोज के लिए एक मंच के रूप में उभरेगा और शिक्षा प्रणाली के भविष्य को आकार देने के लिए सभी को सामूहिक रूप से साथ लाने की दिशा में कार्य करेगा।
शिक्षा एक्सपो का शिक्षकों, छात्रों, नीति निर्माताओं और दूरदर्शियों को एक साथ लाएगा ताकि वे भविष्य की पीढ़ियों के लिए शिक्षा संबंधी तरीकों की पुनर्कल्पना कर सकें।
इसको लेकर मंगलवार को समीक्षा बैठकू हुई। इसमें गौतम बुद्ध नगर और गाजियाबाद से कई विश्वविद्यालयों, कॉलेजों, संस्थानों और स्कूलों ने भाग लिया। शिक्षाविद डॉ. एच. चतुर्वेदी ने तैयारियों के बारे में जानकारी साझा की। इंडिया एक्सपोज़ीशन मार्ट लिमिटेड के सीईओ सुदीप सरकार ने समीक्षा प्रस्तुत की। प्राधिकरण के एसीईओ प्रेरणा सिंह ने सभी शिक्षा हितधारकों के बीच सहयोग को बढ़ावा देने के लिए इस मंच का उपयोग करने पर बल दिया।
इस एक्सपो में प्रदर्शनी, ज्ञान सत्र, कार्यशालाएँ और परामर्श सत्र होंगे। साथ ही सफलता की कहानियाँ और विभिन्न गतिविधियाँ/प्रतियोगिताएं होंगी। इसके जरिये स्कूल और उच्च शिक्षा को कौशल विकास से जोड़ा जाएगा। वक्ताओं ने कहा कि संस्थानों को भागीदारी के लाभों के बारे में जागरूकता फैलाने के लिए प्रोत्साहित करना होगा। शिक्षक समुदायों से प्रतिष्ठित वक्ताओं के अनुभवों पर आधारित ज्ञान सत्रों में भाग लेने का आग्रह किया गया।
















