गाजियाबाद। मोदीनगर शुगर मिल पर गन्ना किसानों का लगभग 200 करोड़ रुपए ब्याज समेत बकाया होने एवं शुगर मिल चालू होने से पहले किसानों को गन्ना बकाया भुगतान कराए जाने की मांग को लेकर मंगलवार को राष्ट्रीय लोकदल के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह को मांग संबंधी ज्ञापन सौंपा। मंगलवार को जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह से उनके दफ्तर में राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष अमित त्यागी के नेतृत्व में सतेंद्र तोमर,अरूण दहिया एडवोकेट, रामभरोसे लाल मौर्य, उम्मेदपाल सिंह,अमित चोधरी, संजय भदोला, डॉ. करणवीर सिंह,कृष्णपाल पूर्व डायरेक्टर, अजित सिंह आदि मोदीनगर क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं को लेकर उनसे मिला। रालोद जिलाध्यक्ष अमित त्यागी ने बताया कि मोदीनगर शुगर मिल पर गन्ना किसानों को ब्याज समेत करीब 200 करोड़ रुपए बकाया हैं। पिछले पेराई सत्र का भी भुगतान नहीं किया गया है।
त्योहारी सीजन के चलते दीपावली,गोवर्धन पूजा,भैयादूज,गंगा स्नान आदि त्योहार मनाने के लिए किसानों पर पैसा नहीं है। किसान आर्थिक तंगी से गुजर रहे है। मोदीनगर शुगर मिल का पेराई सत्र 3 नवंबर से शुरू हो रहा है। उन्होंने इस संबंध में जिलाधिकारी से मांग करते हुए कहा कि गन्ने का बकाया भुगतान पेराई सत्र शुरू होने से पहले कराया जाए। गन्ना आपूर्ति में 15 दिन के अंदर किसानों को भुगतान किए जाने का प्राविधान है। ब्याज समेत बकाया भुगतान नहीं किया जा रहा है। उन्होंने जिलाधिकारी से मांग करते हुए कहा कि गन्ना बकाया भुगतान किसानों को त्योहार के चलते जल्द कराया जाए। जिलाधिकारी ने आश्वस्त किया कि मोदी शुगर मिल द्वारा जल्द गन्ना बकाया भुगतान किसानों को कराया जाएगा। इसके अलावा शुगर मिल चालू होने से पहले सभी ग्रामीण मार्ग की मरम्मत कराने और वार्षिक बंदी के दौरान सभी माइनर व रजवाहों की पूर्ण रूप से सफाई कराए जाने और वार्ड-15 में कान्हा गौशाला के बराबर खड़ंजे को पक्का करने आदि मांग की गई।
















