-सुबह 6 से रात 9 बजे तक खुलेंगी राशन की दुकानें, पारदर्शी वितरण के लिए तैनात रहेंगे नोडल अधिकारी
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत जुलाई माह का खाद्यान्न वितरण 20 जून से शुरू होकर 10 जुलाई तक चलेगा। इस दौरान जिले के सभी राशन कार्ड धारकों को निशुल्क राशन वितरण किया जाएगा। जिला आपूर्ति अधिकारी अमित तिवारी ने बताया कि खाद्य एवं रसद विभाग के आयुक्त के निर्देशानुसार पात्र गृहस्थी और अंत्योदय कार्ड धारकों को नियत मात्रा में गेहूं और चावल उपलब्ध कराया जाएगा। अंत्योदय कार्डधारकों को प्रति कार्ड 14 किलोग्राम गेहूं और 21 किलोग्राम चावल के साथ अप्रैल से जून तक की लंबित 3 किलोग्राम चीनी भी 18 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से मिलेगी। वहीं पात्र गृहस्थी कार्ड पर प्रति यूनिट 2 किलोग्राम गेहूं और 3 किलोग्राम चावल वितरित किया जाएगा।
राशन वितरण का कार्य सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक उचित दर की दुकानों पर किया जाएगा। दुकानदार कार्डधारकों को पहले से टोकन उपलब्ध कराएंगे, जिससे भीड़ व भ्रम की स्थिति न हो। वितरण पूरी तरह ई-पॉस मशीन और मोबाइल ओटीपी के माध्यम से पारदर्शी तरीके से नोडल अधिकारियों की निगरानी में किया जाएगा। पोर्टबिलिटी के अंतर्गत लाभार्थी किसी भी उचित दर विक्रेता से राशन प्राप्त कर सकते हैं, बशर्ते स्टॉक उपलब्ध हो। अगर किसी लाभार्थी को कोई समस्या आती है तो वे संबंधित क्षेत्रीय खाद्य अधिकारियों या जिला पूर्ति कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। कार्डधारकों से अपील की गई है कि वे उचित दर विक्रेताओं का सहयोग करें और शांतिपूर्वक नियमानुसार अपना राशन प्राप्त करें। अधिकारियों को सख्त निर्देश हैं कि वे वितरण की निगरानी करें और यह सुनिश्चित करें कि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रहे।
विक्रेताओं को निर्देश – दुकान पर चस्पा करें सूचना
जिला आपूर्ति अधिकारी ने सभी उचित दर विक्रेताओं को निर्देशित किया है कि वे राशन वितरण से संबंधित सूचना पूर्व में ही अपनी दुकानों पर चस्पा करें, जिससे कार्डधारकों को भ्रम की स्थिति न हो। उन्होंने यह भी कहा कि सभी क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी और पूर्ति निरीक्षक अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमणशील रहकर सुनिश्चित करें कि राशन वितरण शत-प्रतिशत और नियत मात्रा में हो।
असुविधा होने पर इन अधिकारियों से करें संपर्क
-मोदीनगर: विनोद भारती – 9528871403
-लोनी: आनंद प्रभु सिंह – 8126491720
-सदर: विशाल यादव – 7906871761
-नगर क्षेत्र प्रथम: सत्यप्रकाश मालवीय – 8010287829
-नगर क्षेत्र द्वितीय: प्रियंका राय – 8800453645
-ट्रांस हिंडन: नूर फातिमा – 8081205222
-खोड़ा: दिव्या जिंदल – 8860369093
-जिला पूर्ति कार्यालय: 0120-3761964















