-हर विभाग बनाए माइक्रो प्लान, ‘एक पेड़ मां के नाम’ से रोपे जाएंगे पौधे: दीपक मीणा
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जनपद में आगामी जुलाई माह में होने वाले वृहद स्तर पर पौधारोपण को लेकर जिला प्रशासन ने कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में बुधवार को विकास भवन के दुर्गावती देवी सभागार में जिलाधिकारी दीपक मीणा ने जिला वृक्षारोपण समिति की मासिक बैठक करते हुए सभी विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि पौधारोपण के लिए सभी विभाग अपना-अपना माइक्रो प्लान बताए। बैठक में प्रभागीय निदेशक एवं सामाजिक वानिकी प्रभाग ईशा तिवारी, एडीएम प्रशासन रणविजय सिंह,अयान जैन,उप प्रभागीय वनाधिकारी, समिति के नामित एवं पदेन सदस्य आदि उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी विभागों को दिए गए पौधारोपण के लक्ष्यों के अनुसार भूमि चिन्हांकन एवं गड्ढ़ा खुदान की शत प्रतिशत प्रगति वन प्रभाग को उपलब्ध कराए। उन्होंने कहा कि सभी विभागों को दिए गए लक्ष्यों के सापेक्ष माइक्रो प्लान बनाए। जिससे कि किस स्थान पर कितने पौधे तथा किस प्रजाति के पौधे रोपित किए जाएंगे। उनका विवरण अवरोही क्रम में उपलब्ध कराने के लिए निर्देशित किया।
जिला स्तरीय अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि वह स्वयं आगामी बैठक में अपने-अपने विभागों के बड़े स्थल को चिन्हित कर उन पर पौधारोपण के लिए बनाई कार्ययोजना प्रस्तुत करेंगें। उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा विभाग तथा माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा विद्यार्थियों से एक पेड़ मां के नाम से पौधारोपण कराए जाने के भी निर्देश दिए।

















