-पर्यावरण संरक्षण के संदेश को लेकर 27 जुलाई को दौड़ेगा पूरा शहर, जीडीए ने की मैराथन की भव्य घोषणा, थीम आधारित टी-शर्ट और विजेताओं के लिए नकद पुरस्कार तय
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) द्वारा 27 जुलाई को आयोजित की जाने वाली ‘ग्रीनाथॉन’ मैराथन केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि पर्यावरण के प्रति जनचेतना का उत्सव बनने जा रही है। विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस (28 जुलाई) की पूर्व संध्या पर आयोजित हो रही इस अभूतपूर्व पहल को लेकर पूरे शहर में उत्साह और ऊर्जा का संचार हो चुका है। ‘रन फॉर ग्रीन गाजियाबाद’ थीम के अंतर्गत होने वाली इस मैराथन का संदेश साफ है अब गाजियाबाद सिर्फ विकास के नाम पर नहीं, हरियाली के नाम पर भी दौड़ेगा। जीडीए उपाध्यक्ष अतुल वत्स की प्रेरणा और पर्यावरण के प्रति समर्पित दृष्टिकोण से यह आयोजन आकार ले रहा है। हाल ही में उन्होंने अधिकारियों के साथ ‘ग्रीनाथॉन’ में प्रतिभागियों को दिए जाने वाले टी-शर्ट और लोगो का अनावरण किया। इस वर्ष पहली बार प्रतिभागी एक समान रंग की टी-शर्ट पहनकर दौड़ेंगे, जिस पर रन फॉर गाजियाबाद अंकित होगा, जो शहर की एकता, संकल्प और हरियाली के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक बनेगा। उपाध्यक्ष ने कहा कि गाजियाबाद जैसे शहरी और औद्योगिक जिले के लिए यह आयोजन केवल दौड़ नहीं बल्कि एक जनसंकल्प है प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा का, आने वाली पीढिय़ों को सुरक्षित और स्वच्छ वातावरण देने का।
इस आयोजन के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा शुरू की जा चुकी है और हज़ारों की संख्या में लोगों ने भाग लेने की इच्छा जताई है। नगर की सामाजिक संस्थाओं, स्कूलों, व्यावसायिक संगठनों, वेलनेस क्लबों और युवाओं में इस मैराथन को लेकर भारी जोश है। आयोजकों का उद्देश्य है कि गाजियाबाद का हर नागरिक चाहे वह विद्यार्थी हो या वरिष्ठ नागरिक, व्यवसायी हो या गृहिणी इस हरित संकल्प में सहभागी बने। मैराथन की शुरुआत शहर के हरित हृदय, ‘सिटी फॉरेस्ट’ से होगी, जो एलिवेटेड रोड होते हुए विभिन्न मार्गों पर फैलेगी। प्रतिभागियों को न केवल शारीरिक स्फूर्ति का अवसर मिलेगा, बल्कि उन्हें प्रकृति के साथ जुडऩे और पर्यावरण के लिए दौडऩे का संतोष भी मिलेगा। मैराथन के बाद हिंडन नदी के किनारे वृक्षारोपण भी किया जाएगा, जो इस आयोजन को पर्यावरणीय प्रतिबद्धता की दिशा में एक ठोस और स्थायी कदम बनाएगा। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा यह सुनिश्चित किया जाएगा कि लगाए गए पौधों की नियमित देखरेख हो और वे भविष्य में शहर की हरियाली का स्थायी प्रतीक बनें। प्रतिभागियों को थीम आधारित टी-शर्ट, मेडल और सहभागिता प्रमाणपत्र दिए जाएंगे।
नागरिकों के लिए यह केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि अपने शहर और पर्यावरण के प्रति एक नई जिम्मेदारी को स्वीकारने का क्षण है। ‘ग्रीनाथॉन’ गाजियाबाद को न केवल एक हरित शहर की पहचान देगा, बल्कि यह सिद्ध करेगा कि जब प्रशासन, समाज और प्रकृति एक साथ कदम मिलाकर चलते हैं, तो विकास और संरक्षण एक साथ संभव होता है। इस मैराथन के माध्यम से गाजियाबाद यह संदेश देने जा रहा है कि अब हरित सोच केवल नारे तक सीमित नहीं, बल्कि जनभागीदारी की दौड़ बन चुकी है। यह आयोजन गाजियाबाद के सामाजिक, सांस्कृतिक और नागरिक जीवन में एक ऐतिहासिक अध्याय जोडऩे जा रहा है जिसे वर्षों तक याद किया जाएगा।
चार श्रेणियों में आयोजित होगी मैराथन: हर उम्र को मिलेगा मंच
• 27 जुलाई की सुबह सिटी फॉरेस्ट से शुरू होकर एलिवेटेड रोड से गुजरने वाली इस मैराथन को चार भागों में बांटा गया है।
• 21.1 किलोमीटर (हाफ मैराथन)
• 10 किलोमीटर रन
• 5 किलोमीटर रन
• 3 किलोमीटर फन रन
इस तरह छोटे बच्चों से लेकर सीनियर सिटीजन तक, सभी के लिए इस दौड़ में भाग लेने का सुनहरा अवसर है। प्रतिभागियों के लिए ऑनलाइन आवेदन पोर्टल खोल दिया गया है और अब तक हजारों पंजीकरण प्राप्त हो चुके हैं।
हिंडन नदी के किनारे होगा वृक्षारोपण: प्रकृति को मिलेगा नया जीवन
मैराथन के बाद हिंडन नदी के तट पर वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जो आयोजन को केवल रेस तक सीमित नहीं रखेगा, बल्कि एक स्थायी हरित प्रभाव भी छोड़ेगा। सैकड़ों पौधे लगाए जाएंगे, जिन्हें बाद में नगर निगम और जीडीए द्वारा मेंटेन किया जाएगा। यह पहल गाजियाबाद को और हराभरा बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित होगी।
नगद पुरस्कारों से होगा विजेताओं का सम्मान
प्राधिकरण ने यह सुनिश्चित किया है कि न केवल भाग लेने वालों को सम्मान मिले, बल्कि विजेताओं को प्रेरणा देने के लिए नकद पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। सभी श्रेणियों में महिला और पुरुष प्रतिभागियों के लिए अलग-अलग पुरस्कार तय किए गए हैं।
21.1 किमी (हाफ मैराथन):
• प्रथम स्थान – 21,000
• प्रथम रनर-अप – 11,000
• द्वितीय रनर-अप – 5,100
10 किमी:
• प्रथम – 11,000
• रनर-अप – 5,100
• द्वितीय – 3,100
5 किमी:
• प्रथम – 5,100
• रनर-अप – 3,100
• द्वितीय – 2,100
सभी प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह, मेडल और प्रमाणपत्र भी दिए जाएंगे।
संस्थाओं से समन्वय, समाज से संवाद
जीडीए अधिकारियों द्वारा शहर की सामाजिक, शैक्षणिक और कारोबारी संस्थाओं से निरंतर संवाद किया जा रहा है। उन्हें आमंत्रित किया गया है कि वे अपने कर्मचारियों, छात्रों, सदस्यों के साथ इस हरित महायज्ञ में भाग लें। आयोजन को सफल बनाने के लिए संपर्क टीमें बनाई गई हैं जो लगातार संस्थाओं के साथ बैठकें कर रही हैं।
‘एक रंग, एक सोच, एक शहर’ – पर्यावरण के लिए एकजुट होगा गाजियाबाद
गाजियाबाद के इतिहास में यह पहला अवसर है, जब कोई मैराथन विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस (28 जुलाई) से ठीक पहले एक थीम-बेस्ड आयोजन के रूप में सामने आ रही है। इस मैराथन की विशेष बात यह है कि इसमें भाग लेने वाले सभी प्रतिभागी एक ही रंग की टी-शर्ट पहनकर दौड़ेंगे, जिस पर ‘रन फॉर ग्रीन गाजियाबाद’ का लोगो अंकित होगा।

जीडीए उपाध्यक्ष (वीसी)
ग्रीनाथॉन’ केवल एक दौड़ नहीं है, बल्कि गाजियाबाद के हर नागरिक की ओर से पर्यावरण के लिए एक सामूहिक प्रण है। यह पहल दर्शाती है कि हम विकास के साथ-साथ प्रकृति और हरियाली को भी उतना ही महत्व देते हैं। हम चाहते हैं कि गाजियाबाद एक ऐसा शहर बने, जहाँ आर्थिक तरक्की के साथ-साथ हरियाली और शुद्ध पर्यावरण लोगों की जीवनशैली का हिस्सा हो। इस आयोजन का उद्देश्य केवल दौड़ाना नहीं, बल्कि एक हरित चेतना को जगाना है। जो लोग इस मैराथन में दौड़ेंगे, वे सिर्फ कदम नहीं बढ़ा रहे होंगे, वे भावी पीढिय़ों के लिए एक हरा और स्वस्थ भविष्य भी सुनिश्चित कर रहे होंगे। मैं सभी नागरिकों, संस्थाओं, स्कूलों और युवाओं से अपील करता हूँ कि वे बढ़-चढ़कर ‘ग्रीनाथॉनÓ में भाग लें और गाजियाबाद को एक हरित, स्वच्छ और जागरूक शहर बनाने के इस अभियान को सफल बनाएं। प्राधिकरण का प्रयास रहेगा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से पर्यावरणीय चेतना को जनआंदोलन में बदला जाए।
अतुल वत्स
उपाध्यक्ष, गाजियाबाद विकास प्राधिकरण

















