-जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ का आदेश, बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए लिया गया बड़ा निर्णय
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जिले में लगातार हो रही भारी बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। सड़कों पर जलभराव, यातायात बाधित और बाढ़ जैसी स्थिति की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ के निर्देश पर बुधवार यानी 3 सितंबर को जनपद के सभी स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) ओपी यादव ने आदेश जारी कर स्पष्ट किया कि यह निर्णय नर्सरी से कक्षा 12वीं तक के सभी स्कूल, कॉलेज और शिक्षण संस्थानों पर लागू होगा। इसमें सरकारी, अर्ध-सरकारी, निजी, सीबीएसई, आईसीएसई, यूपी बोर्ड समेत सभी संस्थान शामिल हैं। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़ ने कहा कि बच्चों और कर्मचारियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। भारी वर्षा से शहर में जलभराव और यातायात जाम की स्थिति बन सकती है।
ऐसे में बच्चों की यात्रा जोखिम भरी हो सकती है। इसलिए एक दिन के लिए सभी शिक्षण संस्थानों को बंद करने का निर्णय लिया गया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में और अधिक भारी बारिश की संभावना जताई है। प्रशासन ने कहा कि इस दौरान बाढ़ जैसे हालात भी उत्पन्न हो सकते हैं, इसलिए सावधानी जरूरी है। बीएसए ओपी यादव ने बताया कि इस आदेश के तहत सभी कक्षाएं, परीक्षाएं और अन्य शैक्षणिक गतिविधियां स्थगित रहेंगी। स्कूल प्रबंधन को निर्देशित किया गया है कि वे छात्रों और अभिभावकों को तुरंत सूचित करें और आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें।
प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को घर से बाहर न निकलने दें और सुरक्षित रखें। भारी वर्षा के बीच अनावश्यक यात्रा से बचें क्योंकि शहर की कई सड़कों पर जलभराव और जाम की स्थिति है। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को अलर्ट रहने और जलभराव की स्थिति में तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। नगर निगम और सिंचाई विभाग की टीमों को नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों में सक्रिय रहने को कहा गया है।
















