-स्वास्थ्य ही है… जीवन धन- डीएम और सीएमओ ने बच्चों को दिया स्वस्थ जीवन का मंत्र
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर कविनगर स्थित के.डी.बी. पब्लिक स्कूल में सोमवार को एक विशेष कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मंदार, मुख्य चिकित्साधिकारी अखिलेश मोहन और अपर मुख्य चिकित्साधिकारी रविंद्र कुमार ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। विद्यालय की उपप्रधानाचार्या ने सभी अतिथियों का स्वागत पर्यावरण संरक्षण के प्रतीक पौधों के माध्यम से किया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य 1 से 19 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों को कृमि संक्रमण से मुक्त करना था, ताकि उनके समग्र स्वास्थ्य, पोषण की स्थिति, शिक्षा तक पहुंच और जीवन की गुणवत्ता में सुधार हो सके।
अधिकारियों ने अपने संबोधन में बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस बच्चों और किशोरों को परजीवी कृमि संक्रमण से बचाने, उनके पोषण स्तर को बनाए रखने और शारीरिक विकास को सुनिश्चित करने के लिए मनाया जाता है। कृमि संक्रमण से थकान, पोषण की कमी और एकाग्रता में कमी जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं, जिन्हें रोकने के लिए यह अभियान बेहद जरूरी है। मुख्य चिकित्साधिकारी अखिलेश मोहन ने कहा कि हीमोग्लोबिन की कमी शरीर में ऑक्सीजन पहुंचाने की क्षमता को कम कर देती है, जिससे कमजोरी, चक्कर और थकान की समस्या बढ़ जाती है। उन्होंने संतुलित आहार और आयरन युक्त भोजन को रोजमर्रा में शामिल करने की सलाह दी, ताकि हीमोग्लोबिन का स्तर सामान्य बना रहे और बीमारियों से बचाव हो सके।
कार्यक्रम में उपस्थित छात्र-छात्राओं को एल्बेंडाजोल नामक सुरक्षित और प्रभावी कृमिनाशक दवा पिलाई गई, जिससे वे कृमि संक्रमण से सुरक्षित रह सकें। जिलाधिकारी ने बच्चों को खेल और शारीरिक गतिविधियों का महत्व बताते हुए कहा कि ये न केवल शरीर को स्वस्थ रखते हैं बल्कि मानसिक एकाग्रता, अनुशासन और टीम भावना को भी विकसित करते हैं। उन्होंने सभी से अपील की कि स्वस्थ जीवन के लिए संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और स्वच्छता को जीवन का हिस्सा बनाएं। कार्यक्रम का समापन सभी उपस्थित लोगों द्वारा स्वस्थ और जागरूक समाज के निर्माण का संकल्प लेते हुए किया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
















