-नगर निगम की ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा में हजारों लोगों की भागीदारी, हर घर तिरंगा – हर घर स्वच्छता अभियान को मिली नई गति
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। स्वतंत्रता दिवस के 78वें वर्ष में गाजियाबाद नगर निगम ने देशभक्ति और स्वच्छता का अनूठा संगम पेश किया। सोमवार को निकली भव्य तिरंगा यात्रा ने शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। नगर निगम मुख्यालय से नवयुग मार्केट स्थित शहीद पथ तक निकली इस यात्रा का सबसे बड़ा आकर्षण 78 फीट ऊंचा तिरंगा रहा, जो शहरवासियों के लिए गर्व और प्रेरणा का प्रतीक बना। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में निगम अधिकारियों, पार्षदों, एम.बी. गर्ल्स स्कूल की छात्राओं और हजारों नागरिकों ने जोश और उत्साह के साथ भाग लिया। हाथों में तिरंगे थामे, जोशीले नारों और देशभक्ति गीतों के साथ लोग आगे बढ़ते रहे और पूरा माहौल “भारत माता की जय” और वंदे मातरम के नारों से गूंज उठा। तिरंगा यात्रा का समापन शहीद पथ पर हुआ, जहां नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक, अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव, चीफ इंजीनियर एन.के. चौधरी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार, उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा, मुख्य नगर लेखा परीक्षक विवेक सिंह एवं पार्षदों ने शहीदों की प्रतिमा पर पुष्पमालाएं अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्र के प्रति निष्ठा और समर्पण का संकल्प लिया।
नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल झंडा लगाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारे देश के प्रति सम्मान और गर्व का प्रतीक है। इसके साथ ‘हर घर स्वच्छता का संकल्प भी गाजियाबाद को नई पहचान देगा। शहर की हर गली, हर मोहल्ले और हर घर में तिरंगा लहराना हमारी एकजुटता और देशप्रेम का संदेश देगा। उन्होंने बताया कि इस अभियान की सफलता के लिए पार्षदों को जोनवार राष्ट्रीय ध्वज वितरित किए जा चुके हैं और सामाजिक संस्थाओं का भी विशेष सहयोग मिल रहा है। यात्रा के अंत में नगर आयुक्त ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि आने वाले दो दिनों में चार लाख तिरंगे शहर के हर कोने तक पहुंचा दिए जाएंगे। इसके साथ ही स्वच्छता अभियान को भी नई गति दी जाएगी। उन्होंने साफ संदेश दिया जनहित में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी, और देशभक्ति के साथ स्वच्छता हमारी प्राथमिकता रहेगी।
अपर नगर आयुक्त जंग बहादुर यादव ने बताया कि इस वर्ष नगर निगम द्वारा चार लाख राष्ट्रीय ध्वज शहर के हर घर तक पहुंचाए जाएंगे। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि 15 अगस्त के बाद राष्ट्रीय ध्वज को सम्मानपूर्वक उतारकर सुरक्षित रखा जाए, ताकि तिरंगे का गौरव हमेशा बना रहे। चीफ इंजीनियर एन.के. चौधरी ने कहा कि गाजियाबाद नगर निगम केवल सड़कों, नालों और इमारतों के निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि हम शहर की गरिमा और गौरव को भी बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। 78 फीट ऊंचा तिरंगा इसका प्रतीक है, जो हमें देश के प्रति अपनी जिम्मेदारियों की याद दिलाता है। तिरंगे के साथ-साथ स्वच्छता के लिए भी हमें पूरी मेहनत करनी होगी, ताकि आने वाली पीढिय़ों को गर्व हो कि उन्होंने एक स्वच्छ और सुंदर गाजियाबाद विरासत में पाया।
छात्राओं का उत्साह बना मिसाल
एम.बी. गर्ल्स स्कूल की छात्राओं का उत्साह यात्रा में देखते ही बनता था। सफेद ड्रेस और सिर पर तिरंगा बांधे, छात्राएं पूरे जोश के साथ देशभक्ति के नारे लगा रही थीं। कई जगहों पर नागरिकों ने फूल बरसाकर तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। लोगों ने 78 फीट ऊंचा तिरंगा देखकर गर्व और उल्लास से भरे चेहरे के साथ मोबाइल कैमरों में इस ऐतिहासिक पल को कैद किया।
तिरंगा यात्रा बनी प्रेरणा का स्रोत
यात्रा के दौरान शहरवासियों में गजब का जोश देखने को मिला। बुजुर्ग, युवा और बच्चे – सभी इस यात्रा में शामिल होकर आजादी के अमर सेनानियों को नमन कर रहे थे। कई जगह लोग अपने घरों की बालकनी से तिरंगे लहराकर और नारे लगाकर यात्रा का उत्साह बढ़ा रहे थे। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश कुमार ने कहा कि यह यात्रा न केवल देशभक्ति की भावना को प्रबल करने वाली है, बल्कि गाजियाबाद नगर निगम के हर घर तिरंगा – हर घर स्वच्छता अभियान को भी नई दिशा देने वाली है।
स्वच्छता और देशभक्ति का संगम
इस अवसर पर नगर निगम के उद्यान प्रभारी डॉ. अनुज कुमार सिंह ने कहा कि स्वतंत्रता का वास्तविक आनंद तभी है जब हमारा देश और हमारा शहर स्वच्छ हो। तिरंगे के साथ स्वच्छता का संदेश देना हमारे अभियान को और भी सार्थक बनाता है। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी डॉ. संजीव सिन्हा ने भी सभी नागरिकों से अपील की कि वे अपने घर, मोहल्ले और शहर को स्वच्छ रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं, ताकि गाजियाबाद स्वच्छता में देश का अग्रणी शहर बन सके।
ऐतिहासिक पल का गवाह बना गाजियाबाद
गाजियाबाद की यह तिरंगा यात्रा केवल एक कार्यक्रम नहीं थी, बल्कि यह देशभक्ति का जीवंत प्रदर्शन था। शहर की सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब, गूंजते नारे और लहराता तिरंगा आने वाले वर्षों तक लोगों की स्मृतियों में अंकित रहेगा। स्वतंत्रता दिवस के 78वें वर्ष में यह आयोजन न केवल गाजियाबाद के लिए, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय बना।


















