-सीईआईआर पोर्टल और तकनीकी निगरानी से चला विशेष अभियान
-दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों से मोबाइल ट्रेस कर बरामदगी
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। कमिश्नरेट गाजियाबाद पुलिस ने आमजन का भरोसा जीतते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की है। नगर जोन और ट्रांस हिंडन जोन पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में चोरी, गुमशुदा और लूटे गए करीब दो करोड़ रुपये कीमत के 700 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए। शनिवार को पुलिस लाइन्स स्थित परमजीत हॉल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान जब डीसीपी नगर धवल जायसवाल ने पीडि़तों को उनके मोबाइल फोन लौटाए तो लोगों के चेहरों पर खुशी और संतोष साफ दिखाई दिया। कार्यक्रम के दौरान डीसीपी धवल जायसवाल ने बताया कि पिछले कुछ समय से मोबाइल चोरी, छिनैती और गुमशुदगी की घटनाओं को लेकर विभिन्न थानों में लगातार शिकायतें दर्ज हो रही थीं। आम नागरिकों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए कमिश्नरेट पुलिस ने इन मामलों को प्राथमिकता पर लिया और तकनीकी संसाधनों का उपयोग करते हुए विशेष अभियान शुरू किया। उन्होंने बताया कि सभी शिकायतों को सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर (सीईआईआर) पोर्टल पर दर्ज कराया गया, जिसके माध्यम से चोरी या गुम हुए मोबाइल फोन की तकनीकी निगरानी की गई।
इसके बाद साइबर सेल, सर्विलांस टीम और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमों ने मोबाइल फोन की लोकेशन ट्रेस कर कार्रवाई शुरू की। लगातार निगरानी और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर विभिन्न स्थानों पर दबिश देकर मोबाइल फोन बरामद किए गए। डीसीपी धवल जायसवाल ने बताया कि कई मोबाइल फोन गाजियाबाद से बाहर अन्य जिलों और राज्यों तक पहुंच चुके थे। दिल्ली-एनसीआर के अलावा उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों, हरियाणा, राजस्थान तथा अन्य राज्यों से भी मोबाइल फोन बरामद किए गए। स्थानीय पुलिस इकाइयों के सहयोग से इन मोबाइलों को सुरक्षित वापस लाया गया।
उन्होंने कहा कि पुलिस केवल बरामदगी तक सीमित नहीं है, बल्कि उन लोगों से भी पूछताछ की जा रही है जिन्होंने चोरी या लूट के मोबाइल खरीदे थे। इस प्रक्रिया के माध्यम से मोबाइल चोरी और लूट में सक्रिय गिरोहों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। बरामदगी के आंकड़ों पर प्रकाश डालते हुए डीसीपी नगर ने बताया कि नगर कोतवाली थाना क्षेत्र से सर्वाधिक 102 मोबाइल फोन बरामद किए गए। इसके अलावा विजयनगर थाना से 75, सिहानी गेट से 30, नंदग्राम से 27, मधुबन बापूधाम से 30, क्रॉसिंग रिपब्लिक से 30, वेव सिटी से 15, कविनगर से 42 और साइबर क्राइम थाना से 6 मोबाइल बरामद हुए। वहीं ट्रांस हिंडन जोन में इंदिरापुरम से 78, कौशांबी से 80, खोड़ा से 44, लिंक रोड से 35, साहिबाबाद से 38, टीला मोड़ से 25 तथा शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र से 43 मोबाइल फोन बरामद किए गए। डीसीपी धवल जायसवाल ने कहा कि कमिश्नरेट पुलिस आम नागरिकों की सुरक्षा और उनकी संपत्ति की रक्षा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि मोबाइल चोरी या गुम होने की स्थिति में तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराएं और सीईआईआर पोर्टल पर जानकारी अपलोड कराएं, ताकि समय रहते मोबाइल ट्रैक किया जा सके। मोबाइल वापस मिलने पर कई पीडि़तों ने गाजियाबाद पुलिस का आभार व्यक्त किया। लोगों ने कहा कि उन्हें उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया मोबाइल वापस मिल सकेगा, लेकिन पुलिस की सक्रियता और तकनीकी प्रयासों से उनकी उम्मीद फिर से जीवित हुई है। कार्यक्रम के अंत में डीसीपी धवल जायसवाल ने स्पष्ट किया कि मोबाइल चोरी और छिनैती की घटनाओं में शामिल अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता अपराध नियंत्रण के साथ-साथ जनता का विश्वास मजबूत करना है, और इसी दिशा में कमिश्नरेट पुलिस लगातार अभियान चलाती रहेगी।
















