-वृहद रोजगार मेले का आयोजन, 3500 से अधिक नौकरियों का मिलेगा अवसर
-आर.डी. इंजीनियरिंग कॉलेज में जुटेंगी निजी क्षेत्र की दिग्गज कंपनियाँ, 5000 से अधिक युवाओं के पहुंचने की संभावना
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। जिले के बेरोजगार युवाओं को रोजगार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए जिला प्रशासन द्वारा आगामी 18 दिसंबर को वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने कार्यालय आदेश पत्र के क्रम में जानकारी देते हुए बताया कि यह वृहद रोजगार मेला जिला सेवायोजन कार्यालय गाजियाबाद एवं आर.डी. इंजीनियरिंग कॉलेज गाजियाबाद के संयुक्त तत्वावधान में प्रात: 10 बजे आर.डी. इंजीनियरिंग कॉलेज, मेरठ रोड, दुहाई, गाजियाबाद परिसर में आयोजित किया जाएगा। जिलाधिकारी ने बताया कि इस वृहद रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियाँ प्रतिभाग करेंगी, जिनके माध्यम से तकनीकी एवं गैर-तकनीकी श्रेणियों में 3500 से अधिक रिक्त पदों पर सीधी भर्ती की जाएगी। इस रोजगार मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, डिप्लोमा, स्नातक एवं स्नातकोत्तर उत्तीर्ण अभ्यर्थी, जिनकी आयु 18 वर्ष से 40 वर्ष के मध्य है, प्रतिभाग कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में लगभग 5000 से अधिक अभ्यर्थियों के उपस्थित होने की संभावना है।
जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार माँदड़ ने रोजगार मेले के सुव्यवस्थित एवं सफल आयोजन के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को आवश्यक जिम्मेदारियाँ सौंपी हैं। उन्होंने बताया कि कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी उप जिलाधिकारी गाजियाबाद को सौंपी गई है, जबकि एसीपी मुरादनगर को आवश्यक पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य चिकित्साधिकारी को प्राथमिक चिकित्सा एवं स्वास्थ्य संबंधी सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी दी गई है, वहीं अधिशासी अधिकारी मुरादनगर को पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। इसके साथ ही राजकीय एवं निजी पॉलीटेक्निक संस्थानों तथा आईटीआई संस्थानों के अधिक से अधिक अभ्यर्थियों को रोजगार मेले में प्रतिभाग कराने के लिए संबंधित प्रधानाचार्यों को निर्देशित किया गया है। जिला समन्वयक, कौशल विकास मिशन को कौशल विकास मिशन के अंतर्गत प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार मेले में शामिल कराने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक को जिले के इंटरमीडिएट कॉलेजों एवं महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं को रोजगार मेले की जानकारी देकर सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों के बेरोजगार युवाओं तक इस रोजगार मेले की जानकारी पहुँचाने के उद्देश्य से खण्ड विकास अधिकारियों भोजपुर, मुरादनगर, रजापुर एवं लोनी को व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए युवाओं को रोजगार मेले में प्रतिभाग के लिए प्रेरित करने को कहा गया है। इसके अतिरिक्त जिला पंचायतीराज अधिकारी को भी ग्रामीण पृष्ठभूमि के बेरोजगार अभ्यर्थियों को रोजगार मेले में शामिल कराने हेतु प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी सौंपी गई है। अग्निशमन विभाग गाजियाबाद को अग्निशमन एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाओं के लिए ड्यूटी पर तैनात किया गया है।
जिलाधिकारी ने जिला रोजगार सहायता अधिकारी गाजियाबाद को आगामी 18 दिसंबर, 2025 को आयोजित होने वाले इस वृहद रोजगार मेले का प्रभारी नियुक्त करते हुए निर्देश दिए हैं कि वे सभी नामित अधिकारियों एवं संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर रोजगार मेले का सफल एवं सुचारु आयोजन सुनिश्चित करें। यह वृहद रोजगार मेला जिले के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर खोलने के साथ-साथ उन्हें एक ही मंच पर विभिन्न कंपनियों से सीधे जुड़ने का सुनहरा अवसर प्रदान करेगा और गाजियाबाद को रोजगार सृजन के क्षेत्र में एक नई पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
















