गाजियाबाद में मेधावी छात्रों का हुआ सम्मान: कैबिनेट मंत्री ने दी सफलता की प्रेरणा

– कर्म पर करें विश्वास, फल की चिंता न करें: सुनील शर्मा
– संस्कृति व नैतिकता के पालन से ही मिलती है सच्ची सफलता: मयंक गोयल
उदय भूमि संवाददाता
गाजियाबाद। विकास भवन दुर्गावती देवी सभागार में गुरुवार को उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा वर्ष 2025 की बोर्ड परीक्षा में हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं के सम्मान में एक भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री सुनील कुमार शर्मा रहे। इस सम्मान समारोह के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा राज्य स्तर पर मेधावी छात्रों को सम्मानित करने के कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया, जिसके उपरांत गाजियाबाद जनपद के विद्यार्थियों को मंत्री श्री सुनील शर्मा ने व्यक्तिगत रूप से सम्मानित किया।
मंत्री सुनील शर्मा ने छात्रों से कहा कि वे सदैव अपने कर्म पर विश्वास रखें और परिणाम की चिंता किए बिना प्रयास करते रहें। उन्होंने यह भी कहा कि सफलता का श्रेय केवल स्वयं को न देकर अपने गुरु, माता-पिता, सामाजिक परिवेश और राजनीतिक इच्छाशक्ति को भी मान्यता दें। इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष मयंक गोयल ने विद्यार्थियों को नैतिकता और संस्कृति के महत्व का स्मरण कराते हुए कहा कि सच्ची सफलता तभी मिलती है जब व्यक्ति अपने राष्ट्र की संस्कृति, भाषा और नैतिक मूल्यों का आदर करते हुए आगे बढ़े।
उन्होंने निरंतर परिश्रम को सफलता की सबसे बड़ी कुंजी बताया। समारोह में जिलाधिकारी दीपक मीणा, प्रशिक्षु आईएएस अयान जैन, जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सहित शिक्षा और प्रशासनिक जगत के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने छात्रों को न केवल सम्मानित किया, बल्कि उन्हें जीवन के उच्च आदर्शों की ओर प्रेरित भी किया।