-शहर की स्वच्छता और सुंदरता निगम अधिकारियों के साथ जनप्रतिनिधियों के लिए भी महत्वपूर्ण: विक्रमादित्य सिंह मलिक
-जन समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता दे विभागीय अधिकारी: नगर आयुक्त
गाजियाबाद। नगर निगम स्वच्छता के साथ-साथ सौंदर्यीकरण पर भी विशेष ध्यान दे रहा है। शहर की खूबसूरती बढ़ाने के लिए प्रमुख चौराहों को संवारने पर नगर आयुक्त ने कार्य शुरु कर दिया है। जिसके लिए नगर आयुक्त ने पार्षदों के साथ मंत्रणा कर कार्य योजना पर अपना काम शुरु कर दिया है। इसी क्रम में नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक द्वारा वसुंधरा क्षेत्र से कार्य की शुरुआत की गई है। जिसमें वहां के अधिकांश पार्षदों के साथ शुक्रवार को बैठकर कार्य योजना भी बनाई गई। आनंद विहार कौशांबी से लेकर वैशाली वसुंधरा होते हुए मोहन नगर चौराहे तक कुछ प्रमुख चौराहों तथा तिराहे को सुंदर और व्यवस्थित करने के लिए चर्चा की गई। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने बताया शहर की स्वच्छता और शहर की सुंदरता नगर निगम अधिकारियों के साथ-साथ गाजियाबाद के निवासियों और जनप्रतिनिधियों का भी महत्वपूर्ण विषय है। जिसके लिए शहर की सफाई व्यवस्था और सौंदर्यीकरण को लेकर जनप्रतिनिधियों से विचार विमर्श किया गया।
वसुंधरा जोन के पार्षदों के साथ बैठक की गई। वार्ड संख्या 74 से नरेश भाटी पार्षद, वार्ड संख्या 89 राजकुमार भाटी पार्षद, वार्ड संख्या 76 से पार्षद गौरव सोलंकी, वार्ड संख्या 41 से भूपेंद्र उपाध्याय पार्षद और वार्ड संख्या-72 से पार्षदपति मनोज गोयल उपस्थित रहे। चर्चा के दौरान वार्ड संख्या 74 वसुंधरा में सेक्टर 13 और सेक्टर 14 के मध्य आने वाले अटल चौक एवं राहुल डेयरी के चौक के सौंदर्यीकरण पर चर्चा हुई। वार्ड संख्या 89 वैशाली में डाबर के सामने वाले चौक को सुंदर बनाने के लिए चर्चा हुई। वार्ड संख्या 76 वैशाली के सेक्टर-2 के चौराहे को व्यवस्थित करने के लिए चर्चा हुई। वार्ड संख्या 72 कौशांबी सेंट्रल पार्क तिराहा को व्यवस्थित करने के लिए योजना बनाई गई। इसके अलावा वार्ड संख्या-41 में सी एल फैक्ट्री के सामने चौराहे को व्यवस्थित करने के लिए चर्चा हुई। इसके के अलावा उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने अन्य विकास कार्यों को लेकर भी नगर आयुक्त से चर्चा की।
जिसमें सफाई व्यवस्था को और अधिक बेहतर करने पर विचार विमर्श हुआ। वहीं पार्षदपति मनोज गोयल ने नगर आयुक्त के समक्ष अपनी क्षेत्रीय समस्या रखते हुए कहा कि बरसात का मौसम शुरु हो चुका है और अभी तक नालों की सफाई नहीं हुई है। नाले की सफाई का ठेका देने के बाद भी सही ढग़ से सफाई नही हो रही है। वैशाली का मुख्य नाला इस बार अंदर से साफ नहीं कराया गया। सेक्टर-2 मगध सोसाइटी से होता हुआ नाला साफ नहीं कराया। वसुंधरा में भी यही हाल है। साइट 4 इंडस्ट्री एरिया का नाला भी ढंग से साफ नहीं हुआ है। कौशांबी यशोदा हॉस्पिटल के टी पॉइंट पर नाले की सफाई सुचारू रूप से नहीं की गई। अगर समय रहते नालों की सफाई नहीं हुई तो बरसात का पानी सड़कों पर आ जाएगा।

















